रामबाबू मित्तल, रामपुर: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान की मुश्किलें कम नहीं हो पा रही हैं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान से जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने करीब आठ घंटे तक पूछताछ की। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे रामपुर जिला जेल पहुंची ईडी की टीम पूछताछ के बाद बाहर निकल गई। टीम में तीन अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। जेल से बाहर आने के बाद अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
ईडी की पूछताछ के दौरान आजम खान से क्या सवाल किए गए और जांच में अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं? इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ईडी की इस कार्रवाई को जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। लंबे समय से कानूनी मामलों और राजनीतिक चर्चाओं में रहे इस प्रकरण में केंद्रीय जांच एजेंसी की पूछताछ के बाद रामपुर के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
सुबह 9 बजे जेल पहुंची टीम
जानकारी के मुताबिक, ईडी के तीन अधिकारियों की टीम मंगलवार सुबह करीब 9 बजे रामपुर जिला जेल पहुंची। जेल परिसर में प्रवेश करने के बाद अधिकारियों ने आजम खान से पूछताछ शुरू की। करीब आठ घंटे तक चली इस प्रक्रिया के बाद टीम शाम करीब 5 बजे जेल परिसर से बाहर निकली। हालांकि, अधिकारियों ने पूछताछ की विषयवस्तु या जांच की प्रगति को लेकर कोई बयान नहीं दिया। अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि पूछताछ में किन दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन या ट्रस्ट से जुड़े किन पहलुओं पर सवाल किए।
जौहर यूनिवर्सिटी भी जाने की चर्चा
सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि ईडी की टीम रामपुर में कई दिन तक रुक सकती है। इस दौरान जौहर यूनिवर्सिटी जाकर भी जांच से जुड़े पहलुओं की पड़ताल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, यूनिवर्सिटी के दौरे को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं सूत्रों की माने तो, जरूरत पड़ने पर आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा से भी पूछताछ की जा सकती है।
इससे पहले जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट से जुड़े मामले में सपा विधायक नसीर अहमद खान सहित आजम खान के करीबी माने जाने वाले कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। अब आजम खान से जेल में हुई पूछताछ को भी इसी जांच की कड़ी माना जा रहा है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.