मुंबई: मुंबई से नागपुर के बीच समृद्धि महामार्ग , मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और मुंबई-गोवा हाईवे जैसे अन्य एक्सप्रेस वे पर गंभीर सड़क हादसों में घायलों को तत्काल मेडिकल इलाज मिले इसके लिए सरकार एयर एम्बुलेंस सर्विस शुरू करेगी। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि एक्सीडेंट के बाद पहला घंटा यानी ‘गोल्डन आवर’ घायलों के इलाज के लिहाज से बहुत अहम होता है। इस अहम समय में घायलों को तुरंत ट्रामा केयर सेंटर पहुंचाने में एयर एम्बुलेंस सर्विस घायलों की जान बचाने में काफी मददगार साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस, हाइवे पर एयर एम्बुलेंस सुविधा वर्ष 2027 की शुरुआत में शुरू हो जाएगी। दुर्घटना के शिकार लोगों को एयर एम्बुलेंस सर्विस तुरंत मदद देने के लिए मिले इसके लिए ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट, हेल्थ डिपार्टमेंट और पुलिस प्रशासन मिलकर SOP बनाएंगे। इसके लिए ट्रामा केयर सेंटर का नेटवर्क बनाने, सर्विस प्रोवाइडर का एक पैनल बनाने, रोड सेफ्टी फंड से ज़रूरी आर्थिक इंतज़ाम करने और इमरजेंसी रिस्पांस के लिए SOP बनाने पर ज़ोर दिया जाएगा।




महाराष्ट्र में हर साल करीब 15 हजार सड़क हादसे होते हैं। इनमें से कई हादसों में घायलों को समय पर इलाज न मिलने से मौत हो जाती है। हाईवे पर होने वाले गंभीर हादसों, ट्रैफिक जाम, अस्पतालों की दूरी और इमरजेंसी मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता को देखते हुए एक्सीडेंट के शिकार लोगों को तुरंत इलाज देने के लिए एयर एम्बुलेंस की जरूरत है। सरकार आधुनिक टेक्नोलॉजी और इमरजेंसी मेडिकल सर्विस की मदद से सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या कम करने की कोशिश कर रही है।



15 नवंबर तक एयर एम्बुलेंस की SOP तैयार :




एक्सप्रेस हाईवे पर घायलों को तुरंत एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार 15 नवंबर तक एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करके उसे अप्रूव कराएगी। उसके बाद नवंबर के आखिर तक हाई पावर कमेटी से अप्रूवल मिलने के बाद टेंडर प्रोसेस शुरू किया जाएगा। इस प्रोसेस के बाद नए साल की शुरुआत में एयर एम्बुलेंस सर्विस शुरू करने की योजना है। सरकार ने खासकर समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और मुंबई-गोवा हाईवे जैसे महत्वपूर्ण राजमार्गों पर एक्सीडेंट के शिकार लोगों को तुरंत मेडिकल मदद सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल सिस्टम बनाने की योजना बनाई है। एयर एम्बुलेंस को लेकर हुई बैठक में प्रताप सरनाईक के साथ हेल्थ मिनिस्टर प्रकाश आबिटकर, गृह राज्य मंत्री योगेश कदम, ट्रैफिक पुलिस के सुपरिटेंडेंट डॉ. सुनील भारद्वाज के साथ इससे संबंधित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.