नई दिल्ली: भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव ने लगभग 2 सालों के लंबे इंतजार के बाद रेड बॉल क्रिकेट में शानदार वापसी की है। विदर्भ का साथ छोड़कर पंजाब क्रिकेट टीम में शामिल हुए उमेश ने अपने कमबैक और पंजाब के लिए डेब्यू मुकाबले में ही धारदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए हैं। रणजी ट्रॉफी 2026-27 के ग्रुप मुकाबले में असम के खिलाफ खेलते हुए उमेश ने अपनी गेंदों से विपक्षी बल्लेबाजों को खासा परेशान किया।
विदर्भ छोड़ पंजाब के लिए खेला डेब्यू मैच, 24 ओवरों में बरपाया कहरउमेश यादव ने आखिरी बार साल 2024 में विदर्भ के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला था। इसके बाद वह लंबे समय तक रेड बॉल फॉर्मेट से दूर रहे। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने उन पर भरोसा जताते हुए इस सीजन की प्लेइंग-11 में मौका दिया और उमेश ने अपने चयन को पूरी तरह सही साबित किया।
पंजाब के लिए अपनी पहली ही पारी में उमेश यादव ने 24 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 7 मेडन ओवर फेंकते हुए महज 70 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उमेश के इस स्पेल की बदौलत असम की टीम दानिश दास (103) और सिबशंकर रॉय (नाबाद 143) की शतकीय पारियों के बावजूद 117 ओवरों में 373 रन ही बना सकी। पंजाब के लिए गुरनूर बरार और इमोनजोत सिंह चहल ने भी 2-2 विकेट लिए, जबकि हरप्रीत बरार को 1 सफलता मिली।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 15वीं बार 5 विकेट हॉलउमेश यादव घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबे समय से अपनी तेज गति और स्विंग के लिए जाने जाते हैं। यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनका 15वां 5 विकेट हॉल है। उनका घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहद शानदार रिकॉर्ड रहा है, उन्होंने अब तक खेले 57 टेस्ट मुकाबलों में 170 विकेट और 75 वनडे मैचों में 106 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके नाम 12 विकेट दर्ज हैं। ओवरऑल करियर की बात करें तो उमेश ने 124 फर्स्ट क्लास मैचों में 29.71 की औसत से 380 विकेट (15 बार 5 विकेट हॉल) चटकाए हैं, वहीं 136 लिस्ट-ए मुकाबलों में 194 विकेट और 197 टी-20 मैचों में कुल 205 विकेट अपने नाम किए हैं।