नई दिल्‍ली: स्‍टारलिंक विवाद में IPL के संस्थापक ललित मोदी की एंट्री हो गई है। उन्‍होंने भारत सरकार का समर्थन करते हुए एलन मस्‍क की क्‍लास लगा दी है। ललित मोदी ने कहा है कि 'एक्‍स' का मालिक होना मस्‍क को भारत की राष्‍ट्रीय सुरक्षा पर वीटो का अध‍िकार नहीं देता। उन्‍होंने मुकेश अंबानी को व्यक्तिगत रूप से निशाना साधने पर भी मस्‍क को खरी-खोटी सुनाई है।




IPL के संस्थापक ने शनिवार को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर एक पोस्‍ट किया। इसमें उन्‍होंने मस्‍क की हालिया बयानबाजी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्‍होंने स्‍टारलिंक के मुखिया को सीधे संबोधित करते हुए कहा, 'एलन, एक्‍स की ओनरशिप आपको भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर वीटो का अधिकार नहीं देती है। मैं भारत सरकार की उस बात का समर्थन करता हूं जिसमें सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस शुरू होने से पहले कड़े सुरक्षा उपायों पर जोर दिया गया है।'




सुरक्षा सबसे पहलेललित मोदी ने आगे लिखा, 'हमारे नागरिकों, उनके डेटा और हमारे जरूरी कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा सबसे पहले होनी चाहिए। यही नियम हर ऑपरेटर पर लागू होने चाहिए, चाहे वह भारतीय हो या विदेशी।'




उन्‍होंने कहा, 'मैंने अपनी जिंदगी बिजनेस बनाने और स्थापित सोच को चुनौती देने में बिताई है। मैं महत्वाकांक्षा, इनोवेशन और कॉम्पिटिशन में विश्वास करता हूं। मेरा यह भी मानना ​​है कि किसी देश में बिजनेस करने के लिए वहां के कानूनों और संस्थाओं का सम्मान करना जरूरी है।'








' प्रधानमंत्री अंबानी ' वाले तंज पर साधा निशानाललित मोदी ने मस्‍क के 'प्रधानमंत्री अंबानी' वाले तंज पर भी निशाना साधा। साथ ही नसीहत दी कि मुकेश अंबानी को निजी तौर पर परेशान करना सही नहीं है।




उन्‍होंने कहा, 'मुकेश अंबानी को व्यक्तिगत रूप से परेशान करना बिल्कुल गलत है। उन्हें 'प्रधानमंत्री अंबानी' कहना कनेक्टिविटी या रेगुलेटरी मंजूरी के बारे में किसी गंभीर चर्चा में कोई मदद नहीं करता है। अगर गलत व्यवहार का कोई सबूत है तो उसे सामने लाएं। तंज सबूत का विकल्प नहीं हो सकता।'




अच्‍छी टेक्‍नोलॉजी की बताई जरूरतललित मोदी के मुताबिक, भारत को सबसे अच्छी टेक्नोलॉजी मिलनी चाहिए। इसमें उन समुदायों के लिए सैटेलाइट कनेक्टिविटी भी शामिल है जिन्हें इसकी जरूरत है। हर एप्‍लीकेंट को निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर होने वाली प्रक्रिया मिलनी चाहिए। हर एप्‍लीकेंट को यह भी साबित करना होगा कि वह जरूरी सुरक्षा मानकों को पूरा करता है।




उन्‍होंने कहा, 'मेरा रुख साफ है: कॉम्पिटिशन करें, इनोवेशन करें, मानकों को पूरा करें और मौका पाएं।'




IPL के संस्थापक ने कहा, 'भारत की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। किसी व्यक्ति की दौलत, प्रभाव या फॉलोअर्स की संख्या इसे नहीं बदल सकती।'




मस्‍क के बयानों के बीच आई प्रतिक्रियाललित मोदी की यह प्रतिक्रिया एलन मस्‍क के बयानों के बीच आई है। मस्‍क ने हाल में आरोप लगाया था कि भारत में स्‍टारलिंक की एंट्री को कुछ ताकतवर उद्योगपति रोक रहे हैं। इसके बाद उन्‍होंने एक्‍स पर एक के बाद कर सीधे तौर पर मुकेश अंबानी को निशाना बनाना शुरू कर दिया। तंज कसते हुए उन्‍हें 'प्रधानमंत्री' कहा।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.