नई दिल्ली: दिल्ली की एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी आरोप लगाया है कि उसे एक फाइव स्टार होटल में वॉशरूम इस्तेमाल करने से रोक दिया गया। महिला के मुताबिक, होटल स्टाफ ने उसे यह कहते हुए वॉशरूम जाने की परमिशन नहीं दी कि वह होटल की गेस्ट नहीं है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई कि इमरजेंसी में क्या होटल किसी व्यक्ति को वॉशरूम इस्तेमाल करने से मना कर सकता है।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने खुद यह वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसे बाद में X यूजर प्रज्ञा ने शेयर किया। वीडियो में महिला होटल के बाहर खड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, '5-स्टार होटल या जीरो बेसिक कर्टसी?' पोस्ट में सवाल उठाया गया कि अगर किसी व्यक्ति को अचानक वॉशरूम की जरूरत पड़ जाए, तो क्या सिर्फ होटल में ठहरे हुए गेस्ट न होने के आधार पर उसे सुविधा से वंचित किया जा सकता है?
महिला ने बाद में दी सफाईवीडियो वायरल होने के बाद मामले में एक अहम जानकारी सामने आई। महिला ने स्पष्ट किया कि वह होटल में किसी अनजान व्यक्ति के तौर पर नहीं गई थी, बल्कि उसके पास होटल के क्लब के लिए पहले से बुक और भुगतान किया हुआ वैध टिकट था। यानी वह क्लब में जाने के लिए अधिकृत थी।
इस स्पष्टीकरण के बाद वायरल दावे को इसी संदर्भ में देखने की बात कही गई। हालांकि, इससे एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है कि अगर कोई व्यक्ति होटल में किसी क्लब या अन्य सुविधा का वैध टिकट लेकर पहुंचा हो और उसे अचानक वॉशरूम की जरूरत पड़ जाए, तो होटल की जिम्मेदारी क्या बनती है?
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहसमामले ने सोशल मीडिया पर निजी संपत्ति के नियमों और बुनियादी मानवीय जरूरतों के बीच संतुलन को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। कुछ लोगों का कहना है कि होटल अपने परिसर में सुविधाओं के इस्तेमाल को केवल ग्राहकों या अधिकृत लोगों तक सीमित कर सकते हैं। वहीं, दूसरे लोग आपात स्थिति में मानवीय आधार पर वॉशरूम जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने की बात कह रहे हैं।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.