मुंबई: अक्टूबर में बढ़ी गर्मी का असर मुंबई की लोकल ट्रेन पर भी देखने को मिला। मंगलवार को भायखला के पास रेलवे ट्रैक पर तापमान बढ़ने के कारण सेंट्रल रेलवे को इमरजेंसी डिस्ट्रेस ब्लॉक लेना पड़ा। इसके चलते कुल 8 लोकल सेवाएं प्रभावित हुईं। इनमें 5 ट्रेनें देरी से चलीं, जबकि 3 लोकल को डायवर्ट किया गया। हालांकि इसका असर दिन भर देखने मिला। अधिकारी के मुताबिक, भायखला के पास यह ब्लॉक करीब 30 -35 मिनट तक रहा। अप और डाउन लाइन पर एक-एक करके ब्लॉक लिया गया। चारों लाइनों पर एक साथ ब्लॉक नहीं लिया गया, ताकि लोकल सेवा पूरी तरह बंद न हो।
सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि तापमान बढ़ने से रेलवे के कुछ संवेदनशील हिस्सों में समस्या हो जाती है। इसका असर खास तौर पर उन जगहों पर ज्यादा होता है, जहां ट्रैक में कट या जॉइंट होते हैं। हर जगह तापमान का असर एक जैसा नहीं होता। यह वहां की कनेक्शन और स्थानीय स्थिति पर निर्भर करता है।
मुंबई में पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार को कोलाबा में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था।तापमान बढ़ने पर रेलवे ट्रैक में थर्मल एक्सपैंशन हो सकता है। ऐसे संवेदनशील स्थानों की जांच और जरूरी काम के लिए रेलवे को अस्थायी ब्लॉक लेना पड़ता है। लाखों यात्रियों पर निर्भर मुंबई की लोकल सेवा के लिए बढ़ती गर्मी एक नई चुनौती बन रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बीते 15 दिनों से ऐसे कई ब्लॉक लिए जा रहे है। ताकि कोई बड़ी समस्या पैदा न हो। हर गर्मी में यह करना जरुरी होता है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.