क्रिकेट अनिश्चित्ताओं से भरा हुआ खेल है, लेकिन कभी-कभी क्रिकेटर के जीवन में भी कुछ ऐसी चीजें होती है जिससे मेहनत करते रहने की प्रेरणा मिलती है। मंगलवार, 6 अक्टूबर को जब न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 टीम की घोषणा की गई तो एक नाम ने सबको चौंकाया।











वो नाम था तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का जिन्होंने 4 साल के लंबे इंतजार के बाद वापसी की। मेरठ के 36 वर्षीय भुवनेश्वर ने पिछले आईपीएल सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरा खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 17 विकेट लिए और पावरप्ले के ओवरों में स्विंग तथा सीम से दुनिया के शीर्ष बल्लेबाजों को परेशान किया था। हालांकि भुवनेश्वर की वापसी अजीत अगरकर के चयन समिति का अध्यक्ष रहते नहीं हो सकी। अगरकर अच्छे प्रदर्शन के बावजूद पीछे मुड़कर देखने के पक्ष में नहीं थे।


सेलेक्शन में दिखी आरपी सिंह की झलक


भुवनेश्वर कुमार की इस वापसी में मध्य क्षेत्र के चयनकर्ता रुद्र प्रताप सिंह का समर्थन माना जा रहा है। अगरकर के रहते आरपी सिंह ज्यादा कुछ नहीं कर पा रहे थे, लेकिन लेकिन उनके जाने के बाद अंतरिम मुख्य चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा और चयन समिति के अन्य सदस्यों को अनुभवी तेज गेंदबाज की उपयोगिता समझाना मुश्किल नहीं रहा, विशेषकर जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में। भुवनेश्वर अपने अनुभव के कारण मयंक यादव और प्रिंस यादव जैसे युवा तेज गेंदबाजों का मार्गदर्शन भी कर सकते हैं। दोनों को 2028 टी20 विश्व कप के संभावित दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है। भुवनेश्वर ने 21 टेस्ट और 121 वनडे के अलावा 87 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 90 विकेट हैं।

अगरकर के पद छोड़ने के बाद चयनकर्ताओं ने पहली बार टीम का चयन किया जिसकी घोषणा भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने की। टीम में वरुण चक्रवर्ती की भी वापसी हुई है जो चोट के कारण एशियाई खेलों में नहीं खेल सके थे। भारतीय टीम न्यूजीलैंड में 22 अक्टूबर से एक नवंबर तक पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। श्रृंखला का पहला मैच 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में होगा जबकि दूसरा मुकाबला भी इसी शहर में 24 अक्टूबर को खेला जाएगा।
तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में होगा जबकि चौथा और पांचवां मैच क्रमश: 30 अक्टूबर और एक नवंबर को ऑकलैंड और हैमिल्टन में खेले जाएंगे। टी20 श्रृंखला के बाद भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की एकदिवसीय श्रृंखला और दो टेस्ट मैच भी खेलेगा।


मोहम्मद शमी की वापसी की जगी उम्मीद


भुवी की वापसी ने मोहम्मद शमी के फैंस को भी एक बड़ी उम्मीद दे दी है। अगरकर के रहते जहां सेलेक्शन कमेटी पीछे मुड़ने से परहेज कर रही थी, वहीं उनके बिना पहले ही सेलेक्शन में एक नई सोच दिखी है। अब मोहम्मद शमी की भी वनडे टीम में वापसी की उम्मीद जग गई है। शमी ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। न्यूजीलैंड दौरे के लिए वनडे टीम का ऐलान नहीं हुआ है, ऐसे में शमी के वापसी की उम्मीद लगाई जा रही है।

भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।






Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.