सुनील मिश्रा, बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र के सर्वा गांव में बुखार से बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की खबर ने स्वास्थ्य विभाग में खलबली मचा दी। डीएम अवनीश राय के कड़े निर्देश के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची, तो 75 लोग बुखार से पीड़ित मिले। मलेरिया, डेंगू और टायफाइड की जांच में फिलहाल किसी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन एक मरीज का डेंगू एलिसा टेस्ट जांच के लिए भेजा गया है। स्वास्थ्य टीम ने आशंका जताई है कि दवा लेने के बाद शुरुआती जांच में बीमारी पकड़ में नहीं आती और एक-दो दिन बाद दोबारा जांच में स्थिति साफ हो सकती है।
सर्वा गांव में बुखार की दस्तक ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। ग्रामीणों में बीमारी को लेकर चिंता बढ़ी, तो मामला डीएम अवनीश राय तक पहुंचा। डीएम ने तत्काल स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों की जांच और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। सोमवार को एसडीएम बिसौली के नेतृत्व में एसीएमओ, एमओआईसी और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम गांव पहुंची। टीम ने घर-घर और मौके पर मरीजों की जांच की। कुल 75 लोग बुखार से पीड़ित पाए गए। मलेरिया पैरासाइट के 52 टेस्ट कराए गए, सभी निगेटिव रहे। डेंगू के 30 टेस्ट भी निगेटिव आए। एक मरीज का डेंगू एलिसा टेस्ट पुष्टि के लिए भेजा गया है। टायफाइड के लिए गए 10 सैंपल भी निगेटिव मिले।
रिपोर्ट में स्वास्थ्य टीम ने अहम आशंका जताई है। टीम के मुताबिक, बुखार से पीड़ित लोगों ने पहले से दवाएं या एंटीबायोटिक ली हैं, तो शुरुआती जांच में मलेरिया, डेंगू या टायफाइड पकड़ में नहीं आ सकता। एक-दो दिन बाद दोबारा जांच में तस्वीर बदल सकती है। वायरल फीवर में भी इन तीनों जांचों के निगेटिव आने की संभावना रहती है।
टीम को यह भी पता चला कि गांव के नौ लोग वायरल फीवर के चलते पहले से निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। फिलहाल जांच में गंभीर बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.