जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर के मछलीशहर तहसील के अदारी डिभिया गांव के रहने वाले रोहित यादव ने एशियन गेम्स 2026 में बड़ी सफलता दर्ज की। पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक जीता है। जिले का गौरव बढ़ाने वाले इस युवा खिलाड़ी को डीएम सैमुअल पाल एन ने सम्मानित किया। दरअसल, जापान में आयोजित एशियन गेम्स में रोहित की सफलता ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। इसके बाद डीएम की ओर से उन्हें और उनके पिता सभाजीत यादव को सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में सम्मान समारोह का आयोजन या गया। डीएम ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं पुस्तक भेंट कर उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




डीएम ने की सराहनाडीएम सैमुअल पाल एन ने रोहित यादव की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोहित यादव की उपलब्धि उनके परिश्रम, लगन एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनके पिता के प्रारंभिक दौर में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से अभ्यास में सहयोग प्रदान करना भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि रोहित की सफलता जिले के अन्य युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।




बांस से बनाया था भालारोहित यादव ने अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पिता सभाजीत यादव ने गांव में बांस के ऊपरी हिस्से को काटकर उनके लिए पहला भाला तैयार किया था। इसी से उन्होंने प्रारंभिक अभ्यास किया। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास करते हुए उन्होंने खेल में आगे बढ़ने का प्रयास जारी रखा। वर्ष 2019 में नेशनल कैंप, पटियाला से जुड़ने के बाद उनके खेल करियर को नई दिशा मिली।




रोहित यादव ने बताया कि आगामी लक्ष्य 2028 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करना है। रोहित यादव ने कहा कि एशियाई खेलों में कांस्य पदक प्राप्त करना उनके पिता के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने भविष्य में अपने जिले एवं देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का वादा भी किया।




खेल प्रतिभाओं को किया जा रहा चिह्नितजिलाधिकारी ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर पर चिह्नित कर उन्हें आवश्यक अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए जा रहे मिनी स्टेडियमों के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर अभ्यास एवं खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.