प्रमोद पाल, गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी के साथ शनिवार को गाली-गलौज और सार्वजनिक तौर पर थप्पड़ मारे जाने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर निषाद समाज के लोगों में नाराजगी सामने आई है। नगीना साहनी के समर्थन में वकील कैंट थाने पहुंचे और तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कार्रवाई की मांग की है। घटना के दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद शुरू होने और हाथापाई की बात सामने आई है।
संजय निषाद ने अखिलेश यादव से कार्रवाई की मांग कीडॉ. संजय निषाद ने कहा कि लंबे समय से समाजवादी पार्टी का झंडा और डंडा उठाते रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कुर्सी पर बैठने का अधिकार केवल सामंतवादियों का ही है?
संजय निषाद ने आरोप लगाया कि कुर्सी पर बैठने को लेकर राम नगीना साहनी के साथ थप्पड़ और मारपीट की गई। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय और अफसोसजनक बताते हुए घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना की।
‘कल तक कार्रवाई नहीं हुई तो सपा कार्यालय का घेराव’कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि वह अखिलेश यादव को कार्रवाई के लिए कल तक का समय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर घटना की भर्त्सना नहीं की गई तो वह परसों समाजवादी पार्टी कार्यालय का घेराव करेंगे।
उन्होंने समाजवादी पार्टी नेतृत्व से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
निषाद समाज को भी घटना से सीख लेने की बातडॉ. संजय निषाद ने निषाद समाज को भी इस घटना से सीख लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो लोग निषाद समाज के मुद्दों को लेकर कैंडल मार्च निकाल रहे थे और निषाद पार्टी के भाजपा के साथ जाने पर सवाल उठा रहे थे, उन्हें इस घटना पर भी विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निषाद समाज के लोगों को इस तरह की घटनाओं पर भी ध्यान देना चाहिए।
‘आज तक किसी BJP नेता ने हमारे कार्यकर्ता को थप्पड़ नहीं मारा’डॉ. संजय निषाद ने कहा, “मैं आज गर्व से कहता हूं कि किसी भाजपा नेता ने निषाद समाज के आदमी को थप्पड़ तो नहीं मारा।” उन्होंने समाजवादी पार्टी नेतृत्व से राम नगीना साहनी के साथ हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग दोहराई।
क्या है पूरा मामला?गोरखपुर प्रेस क्लब में शनिवार को समाजवादी पार्टी की प्रेस वार्ता के दौरान बैठने की जगह को लेकर विवाद शुरू होने की बात सामने आई थी। इसके बाद कहासुनी और हाथापाई हुई। राम नगीना साहनी ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें थप्पड़ मारा गया। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत की बात कही थी।
वहीं, इस घटना में बताए गए लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। मामले में पुलिस कार्रवाई और अन्य पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.