सुनील साकेत, आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। छह साल पहले पति और दो बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई विवाहिता अचानक 10 दिन पहले ससुराल लौट आई। पति और बच्चों के साथ उसने वक्त बिताया। सास का भरोसा भी जीता। अचानक फिर से वह अपने 8 साल के बच्चे को लेकर घर से गायब हो गई। पीड़ित सास का आरोप है कि उसकी बहू घर से 40 हजार नकद और 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर ले गई है। महिला ने पुलिस आयुक्त और थाना पुलिस से शिकायत कर नाती को वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
हरीचंदी का बाड़ा निवासी शीला देवी ने बताया कि उसके बेटे ललित राठौर की शादी वर्ष 2013 में मथुरा के गोवर्धन निवासी काजल से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। शीला का आरोप है कि उनके घर जयकिशन उर्फ किन्नू का आना-जाना था। इसी दौरान काजल और जयकिशन के बीच प्रेम संबंध हो गए। करीब छह साल पहले काजल दोनों बच्चों और पति को छोड़कर जयकिशन के साथ चली गई।
छह साल बाद फिर मांगी ससुराल में पनाहशीला ने बताया कि छह साल बाद काजल ने उनसे दोबारा संपर्क किया। उसने जयकिशन पर उत्पीड़न और दूसरे लोगों द्वारा शोषण किए जाने की बात बताई। बहू की बातों पर भरोसा करते हुए शीला उसे 22 सितंबर को अपने घर ले आई। करीब 10 दिन तक काजल ससुराल में रही। इस दौरान परिवार को लगा कि पुरानी बातों को पीछे छोड़कर वह दोबारा घर बसाना चाहती है, लेकिन उसकी मंशा कुछ और ही थी।
तड़के बच्चे को लेकर निकली बहूशीला का कहना है कि शनिवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच काजल आठ वर्षीय नाती हिमांशु को साथ लेकर घर से निकल गई। आरोप है कि जाते समय वह घर में रखे 40 हजार रुपये और करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर भी ले गई। शीला ने कहा कि बहू के चले जाने से ज्यादा चिंता उन्हें नाती की है। जब काजल छह साल पहले घर छोड़कर गई थी, तब हिमांशु महज दो साल का था। इसके बाद से उसकी परवरिश उन्होंने ही की है। अब बच्चे को साथ ले जाने से वह परेशान हैं। शीला ने मामले की शिकायत थाना पुलिस के साथ पुलिस आयुक्त से भी की है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बच्चे की तलाश और लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.