अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म को लेकर ऑडियंस के बीच रिलीज से पहले से ही जबरदस्त क्रेज देखने को मिला. इसका असर थिएटर्स की शो टाइमिंग और टिकटों के दाम पर भी दिखाई दिया.
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के लिए कई जगहों पर रिलीज से एक दिन पहले ही पोस्ट-मिडनाइट शोज की बुकिंग शुरू कर दी गई थी. वहीं, इसके टिकटों की कीमत ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जैसी बड़ी फिल्मों के स्तर पर रखने को कहा गया था.
रिलीज से एक दिन पहले ही शुरू हुई मिडनाइट शोज की बुकिंग
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ के पहले दिन के एडवांस बुकिंग रिस्पॉन्स को देखते हुए कई थिएटर्स ने 2 अक्टूबर को फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्शकों के लिए पोस्ट-मिडनाइट शोज की बुकिंग शुरू कर दी थी.
मुंबई और आसपास में पीवीआर लोअर परेल, सिनेपोलिस सीवुड्स, मेट्रो इनॉक्स, इनॉक्स आर सिटी घाटकोपर, मैक्सस बोरीवली, इनॉक्स मलाड, पीवीआर ओबेरॉय मॉल गोरेगांव, पीवीआर फीनिक्स मार्केट सिटी कुर्ला, पीवीआर जुहू जैसे कई सिनेमाघरों में मिडनाइट शोज के जरिए फिल्म के टोटल शोज में बढ़ोतरी की गई. मुंबई के अलावा पुणे और अहमदाबाद में भी आधी रात वाले शो चालू किए गए.
मैक्सस भायंदर में तो रात से सुबह तक लगातार शो
मुंबई के मैक्सस भायंदर ने तो रात बारह बजे से सुबह तक कई शोज रखे. इसमें बारह बजकर पैंतीस मिनट, एक बजकर पांच मिनट, दो बजकर पांच मिनट, तीन बजकर पांच मिनट, चार बजकर पांच मिनट और पांच बजकर पांच मिनट वाले शोज शामिल रहे. यानी दृश्यम द कनक्लूजन के शोज का शेड्यूल पूरे दिन रात चलने वाला रहा.
2022 में जब दृश्यम 2 रिलीज की गई थी, तब आधी रात वाले शो रिलीज के पहले दिन में सेकंड हॉफ में जोड़े गए थे, पर इस बार थिएटर वालों ने रिलीज से पहले ही एक्स्ट्रा शो एड कर दिए.
टिकट के दाम पर भी हुई बात
फिल्म की टिकट की कीमत को लेकर भी काफी चर्चा रही. बॉलीवुड हंगामा ने एग्जिबिशन सोर्सेज के हवाले से बताया कि दृश्यम द कन्क्लूजन के टिकट स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे और धुरंधर द रिवेंज के बराबर रखने को कहा गया था. इसका कारण ये था कि टिकट महंगे होने के बाद भी लोग फिल्म देखने के लिए टिकट ले रहे थे.
रिलीज के बाद फिल्म के दूसरे दिन की कमाई के आंकड़े भी सामने आने लगे हैं. सैकनिल्क के 3 अक्टूबर सुबह 9 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म की भारत में कुल कमाई ₹83.65 करोड़ और नेट कमाई ₹69.76 करोड़ पहुंच चुकी है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.