ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, सोनभद्र: डीएम अंकल! गांव में मोबाइल नेटवर्क (टावर) लगवा दीजिए, पापा से बात नहीं हो पाती है। सोनभद्र के ग्राम सरईगढ़ की एक मासूम छात्रा की यह अपील इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। हेलो किड्स विद्यालय, धर्मशाला रॉबर्ट्सगंज की छात्रा आनवी पटेल , पुत्री विकास पटेल ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से गांव में मोबाइल नेटवर्क की व्यवस्था कराने की मार्मिक गुहार लगाई है। मासूम की अपील का 14 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।




आनवी का कहना है कि उसके पिता बाहर रहकर काम करते हैं। वह उनसे फोन पर बात कर उनका हालचाल जानना चाहती है, लेकिन गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण पिता से बातचीत नहीं हो पाती। मासूम की इस परेशानी ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी की हकीकत को भी सामने ला दिया है।




काफी ज्यादा दिक्कत होती हैवीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग बच्ची की अपील को गंभीरता से लेने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरईगढ़ में लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। नेटवर्क की कमी से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई, मोबाइल के माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ लेने, बैंकिंग कार्यों और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान में दिक्कत होती है।




ग्रामीणों ने भी की मांगग्रामीणों के मुताबिक आपात स्थिति में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। जरूरत के समय परिजनों, स्वास्थ्य सेवाओं और संबंधित विभागों से तत्काल संपर्क करना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित दूरसंचार कंपनियों से गांव में मोबाइल टावर स्थापित कराने व नेटवर्क कवरेज बेहतर करने की मांग की है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की पहल पर है, ताकि गांव में रहने वाले लोगों को बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी मिल सके और आनवी जैसी मासूमों को अपनों से बात करने के लिए नेटवर्क का इंतजार न करना पड़े।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.