रायपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर में मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा पुलिस ने पकड़ लिया। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर हुई कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत करीब 2.20 करोड़ रुपये है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक समेत कुल 2.40 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है।
जशपुर पुलिस के मुताबिक 2 अक्टूबर की सुबह एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस लावाकेरा बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आए टाटा आईसर मिनी ट्रक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया।
ट्रक में सवार दो लोगों ने पुलिस को बताया कि वाहन में मिर्ची की बोरियां लदी हैं और वे इसे ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं। पुलिस को संदेह हुआ तो सामान की गहराई से जांच शुरू की गई। ऊपर की तरफ मिर्ची की बोरियां मिलीं, लेकिन इन्हें हटाने के बाद नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट दिखाई दिए। जांच करने पर पैकेटों में गांजा मिला।
440 पैकेट में निकला 440.63 किलो गांजापुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में बोरियों की जांच की। कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 440.63 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती हुई।
ओडिशा से प्रयागराज तक जा रहा था मालगिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद वसीम उम्र 28 वर्ष और मोहम्मद आसिफ उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों प्रयागराज जिले के ढूंमनगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। हालांकि गांजा किससे खरीदा गया और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
अब पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिसमामले में तपकरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस अब गांजे के सप्लायर से लेकर उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति तक पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा बरामदजशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त करने की जानकारी दी है। शपुर पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन आघात’ आगे भी जारी रहेगा और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.