राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) के ऑफशूट इमाम महमूदर काफिला (IMK) की आतंकी साजिश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार (29 सितंबर, 2026) को 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.


एनआईए ने असम, पश्चिम बंगाल और केरलम में कुल 16 ठिकानों पर छापेमारी की. गिरफ्तार 13 आरोपियों में आठ असम, चार पश्चिम बंगाल और एक आरोपी को केरलम से पकड़ा गया है. तलाशी के दौरान उनके पास से मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड समेत कई डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं.


जांच में क्या हुआ खुलासा?


जांच के मुताबिक, IMK को JMB के वरिष्ठ सदस्य इमाम महमूद हबीबुल्लाह ने भारत में प्रतिबंधित संगठन के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए स्थापित किया था. NIA का आरोप है कि IMK/JMB के सदस्य पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में संगठन का नेटवर्क फैलाने की साजिश में शामिल थे. 


जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने, गुप्त बैठकें आयोजित करने, धार्मिक कट्टरपंथी कार्यक्रम चलाने, चरमपंथी साहित्य बांटने और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भारत विरोधी प्रचार करने की कोशिश की जा रही थी.


कैसे शुरू हुई जांच?



मामले की शुरुआत 28 दिसंबर, 2025 को असम पुलिस की तरफ से असम, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के अलग-अलग जिलों से 11 आरोपियों की गिरफ्तारी से हुई थी. इसके बाद STF पुलिस स्टेशन में 30 दिसंबर, 2025 को केस नंबर 06/2025 दर्ज किया गया. यह मामला बांग्लादेश में बैठे IMK हैंडलर्स की तरफ से Purva Akash नाम के टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ऑनलाइन कट्टरपंथ फैलाने से जुड़ा था. इस मामले में कुल 35 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था.


11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, 10 अभी भी फरार


इन 11 आरोपियों के खिलाफ 25 जून, 2026 को चार्जशीट दाखिल की गई थी और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. बाद में NIA ने जांच अपने हाथ में लेकर इन आरोपियों के खिलाफ BNS 2023 और UAPA की विभिन्न धाराओं के तहत NIA की विशेष अदालत, गुवाहाटी में चार्जशीट दाखिल की.


NIA के मुताबिक, इस मामले में 10 आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक और नौ बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं. मामले में NIA की जांच अभी जारी है. 


यह भी पढ़ेंः CWC बैठक में शशि थरूर के सुझाव पर खरगे ने कसा तंज, बोले- ‘आप आएंगे या सिर्फ...’

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.