नमो भारत से रोज एक ही रूट पर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सफर अब और भी आसान हो गया है. एनसीआरटीसी ने एनसीएमसी यूजर्स के लिए ‘ट्रिप पास’ सुविधा शुरू की है, जिसके तहत यात्री अपनी जरूरत के मुताबिक कई यात्राओं का भुगतान पहले ही कर सकेंगे. इससे हर सफर से पहले टिकट लेने या बार-बार कार्ड रिचार्ज करने की जरूरत कम होगी.
नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं. इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जिनका रोज का सफर लगभग तय रहता है. वे एक निश्चित स्टेशन से दूसरे निश्चित स्टेशन तक यात्रा करते हैं और फिर उसी रूट से उनकी वापसी होती है. ऐसे यात्रियों को ही ध्यान में रखकर ट्रिप पास की व्यवस्था शुरू की गई है.
एक दिन में कई बार हो सकता है इस्तेमाल
ट्रिप पास एनसीएमसी कार्ड पर लोड किया जाता है. पास में जितनी यात्राएं खरीदी जाएंगी. संबंधित शुरुआती और अंतिम स्टेशन के बीच यात्रा करने पर हर बार एक ट्रिप अपने आप इस्तेमाल होती जाएगी. एक दिन में इसका कई बार इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन यात्रा उन्हीं स्टेशनों के बीच होनी चाहिए, जिनके लिए पास लिया गया है.
उदाहरण के लिए सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित सफर करने वाला यात्री अपनी जरूरत के अनुसार पहले से कई ट्रिप खरीद सकता है. रोज सुबह-शाम सफर करने वालों के लिए इसका सीधा फायदा यह है कि व्यस्त समय में टिकट खरीदने या कार्ड रिचार्ज कराने के समय की बर्बादी नहीं होगी.
सराय काले खां से मोदीपुरम तक नमो भारत के स्टैंडर्ड कोच का किराया 210 रुपये और प्रीमियम कोच का किराया 250 रुपए है. एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम 2000 रूपये तक राशि रखी जा सकती है. ऐसे में इस रूट पर नियमित रूप से आने-जाने वाले यात्री का वॉलेट कुछ ही दिनों में खाली हो सकता है.
ट्रिप पास यहां बार-बार रिचार्ज की जरूरत को कम कर सकता है. यात्री पहले से कई यात्राओं का भुगतान कर सकते हैं, जिससे रोज के खर्च का हिसाब रखना भी आसान होगा. हालांकि, पास को लेकर एक अहम नियम यह है कि किसी भी मनचाहे स्टेशन के बीच इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है.
दूसरे स्टेशन पर उतरने या आगे जाने पर काम नहीं करेगा पास
ट्रिप पास सिर्फ उसी शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच मान्य रहेगा, जिसके लिए उसे खरीदा गया है. यदि यात्री किसी दूसरे स्टेशन तक जाता है, तो उस यात्रा का सामान्य किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा. उदाहरण के लिए, किसी यात्री ने सराय काले खां से बेगमपुल तक का पास लिया है, लेकिन वह शताब्दी नगर या उससे पहले ही उतर जाता है, तो उस छोटी यात्रा का किराया ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा.
इसके लिए कार्ड में पर्याप्त बैलेंस होना जरूरी है. वहीं, बेगमपुल से आगे यात्रा करने पर अतिरिक्त दूरी का किराया भी ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा. अगर पर्याप्त राशि नहीं है, तो स्टेशन से बाहर निकलने से पहले कार्ड रिचार्ज करना होगा. यानी ट्रिप पास का फायदा तय रूट पर ही मिलेगा. रूट बदला, तो पास नहीं सामान्य किराया लागू होगा.
यह भी पढ़ें- महिला ने मंगाया 10000 का फोन, डिब्बा खोला तो निकला साबुन, कंपनी पर लगा जुर्माना
1 से 40 ट्रिप तक के विकल्प
यात्री अपनी जरूरत और सफर की आवृत्ति के हिसाब से 1, 2, 5, 10, 15, 20 और 40 ट्रिप वाले पास में से विकल्प चुन सकते हैं. 1 ट्रिप वाला पास 15 दिनों के लिए वैध होगा और यह नॉन-रिफंडेबल है, जबकि 2, 5 और 10 ट्रिप वाले पास की वैधता 30 दिन रखी गई है और ये भी नॉन-रिफंडेबल हैं. 15 और 20 ट्रिप वाले पास 60 दिनों तक वैध रहेंगे, जबकि 40 ट्रिप वाला पास 90 दिनों के लिए मान्य होगा.
15, 20 और 40 ट्रिप वाले पास को रिफंड कराया जा सकता है, हालांकि इसके लिए 200 रूपये की निश्चित एडमिन फीस काटी जाएगी. ये सभी विकल्प स्टैंडर्ड और प्रीमियम, दोनों तरह के कोच के यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं.
कहां से मिलेगा ट्रिप पास?
ट्रिप पास ईएफओ या आमतौर पर एएफसी गेट के पास बने काउंटर से खरीदा जा सकता है. आगे की यात्राओं के लिए पास का टॉप-अप ईएफओ के अलावा नमो भारत स्टेशनों पर मौजूद टिकट वेंडिंग मशीनों (TVM) से भी किया जा सकता है. इस व्यवस्था का उद्देश्य खास तौर पर उन लोगों की रोज की परेशानी घटाना है, जिन्हें लगभग हर दिन एक ही रूट पर सफर करना पड़ता है. स्कूल-कॉलेज के छात्र, नौकरीपेशा लोग, कारोबारी और दूसरे नियमित यात्री इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
10% छूट और लॉयल्टी पॉइंट का भी फायदा
इसके अलावा नमो भारत यात्री हर यात्रा पर 10% की छूट का लाभ भी ले सकते हैं. एनसीएमसी कार्ड से नमो भारत में खर्च की गई हर 1 रुपए राशि पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है. एक लॉयल्टी पॉइंट का मूल्य 0.10 रूपये है. 300 पॉइंट जमा होने पर उन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए रिडीम किया जा सकता है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.