अगर आप मोबाइल फोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉलिंग और SMS के लिए करते हैं और मोबाइल डेटा की जरूरत बेहद कम है तो आपके लिए जल्द ही रिचार्ज के ऑप्शन बढ़ने वाले हैं. भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने Airtel, Reliance Jio और Vodafone Idea समेत टेलीकॉम कंपनियों को हर वैलिडिटी पीरियड के लिए Voice और SMS-only रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. नए नियम 21 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे.
TRAI के नए नियमों के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन या उससे कम की हर उस वैलिडिटी के लिए Voice-SMS-only Special Tariff Voucher (STV) देना होगा जिस पीरियड के लिए वे पहले से डेटा वाले प्लान उपलब्ध कराती हैं. यानी यूजर्स को सिर्फ 84 दिन या 365 दिन जैसे लंबे ऑप्शनों तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा. इसके अलावा कंपनियों को कम से कम एक ऐसा Voice-SMS-only प्लान भी देना होगा जिसकी वैलिडिटी 30 दिन से ज्यादा हो और जो उनके मौजूदा लंबे डेटा-बंडल प्लान की वैलिडिटी से मैच हो.
आपको बता दें कि इन प्लान्स का फायदा उन यूजर्स को मिल सकता है जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं है. इनमें फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले, बुजुर्ग, सिर्फ कॉलिंग के लिए सेकेंडरी SIM रखने वाले और ऐसे ग्राहक शामिल हो सकते हैं जो इंटरनेट के लिए Wi-Fi या किसी दूसरे कनेक्शन पर निर्भर हैं. TRAI के मुताबिक Voice-SMS-only प्लान का मकसद ऐसे ग्राहकों को उनकी जरूरत के मुताबिक रिचार्ज ऑप्शन देना है.
नए नियमों में मासिक रिचार्ज को लेकर भी खास प्रावधान है. कंपनियों को कम से कम एक ऐसा STV देना होगा जिसे हर महीने उसी तारीख को रिन्यू किया जा सके. अगर किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है तो रिन्यूअल महीने के आखिरी दिन होगा. इससे 28, 30 या 31 दिन वाले महीनों में रिचार्ज की तारीख को लेकर होने वाली परेशानी कम हो सकती है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि TRAI ने दिसंबर 2024 में भी टेलीकॉम कंपनियों को कम से कम एक Voice और SMS-only STV उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था. हालांकि, ट्राई ने पाया कि कंपनियों के पास ऐसे सीमित ऑप्शन थे और उनमें से कई लंबी वैलिडिटी वाले थे. छोटे समय के लिए ऐसे रिचार्ज ऑप्शनों की कमी बनी रही.
इसके बाद TRAI ने अप्रैल 2026 में नए नियमों का ड्राफ्ट जारी किया और लोगों से सुझाव मांगे. इस प्रोसेस में ट्राई को 1,132 रिएक्शन मिलें. इसके बाद 21 सितंबर 2026 को नए नियमों को अधिसूचित किया गया है.
इस फैसले पर Airtel, Jio और Vodafone Idea ने प्रोसेस के दौरान आपत्तियां भी जताई थीं. कंपनियों की ओर से टेक्निकल, टैरिफ कंट्रोल और डेटा के बिना Voice-only सर्विस की मांग जैसे मुद्दे उठाए गए थे. Jio ने यह भी तर्क दिया था कि एडवांस 4G और 5G नेटवर्क में वॉयस सर्विसेज IP बेस्ड नेटवर्क पर चलती हैं. अब 21 अक्टूबर से नए नियम लागू होने के बाद ग्राहकों के पास अपनी जरूरत के हिसाब से सिर्फ कॉल और SMS वाला रिचार्ज चुनने के ज्यादा ऑप्शन होंगे.
फैन-लाइट बार-बार ON-OFF करने से बचती है बिजली? जानें क्या है सच्चाई
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.