हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका में 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली, जिसके दूसरे मुकाबले के दौरान यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच तीखी बहस हुई थी. बात काफी बिगड़ गई थी, क्योंकि ऐसा लगा कि जायसवाल श्रीलंकाई खिलाड़ी को हेलमेट पहने हुए सिर से टक्कर मारने ही वाले थे. दोनों प्लेयर्स पर मैच फीस का 25 प्रतिशत हिस्सा काटकर जुर्माना लगाया गया था. ध्रुव जुरेल ने इस लड़ाई के कारण का खुलासा करते हुए बताया कि भारतीय क्रिकेटर ने उन्हें क्या कहा था.
ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल के बीच अच्छी बॉन्डिंग है, दोनों IPL में भी एक ही फ्रेंचाइजी (राजस्थान रॉयल्स) के लिए खेलते हैं. आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में जुरेल ने बताया कि जब यशस्वी आउट हुए तो सीधा ड्रेसिंग रूम की तरफ जाने लगे, लेकिन श्रीलंका का प्लेयर लगातार उन्हें गाली दे रहा था.
ये बहस कोलंबो टेस्ट के पहले ही दिन हुई थी. फर्नांडो ने ओपनिंग बल्लेबाज का विकेट लिया, वह पवेलियन जाने लगे लेकिन अचानक मुड़े और गेंदबाज से कुछ कहने लगे. जायसवाल को इतना गुस्सा आ गया था कि वह लगभग अपने हेलमेट पहने हुए सिर से टक्कर मारने ही वाले थे. दोनों को श्रीलंका के अन्य खिलाड़ियों ने अलग कर दिया था. इस बात को करीब 1 महीना हो गया है.
जुरेल ने क्या बताया
जुरेल ने कहा, "फुटेज देखोगे तो दिखेगा कि यशस्वी जायसवाल एकदम पीछे मुड़े. वह पवेलियन जा रहे थे लेकिन श्रीलंका का खिलाड़ी उन्हें अपशब्द बोले जा रहा था. जायसवाल ने मुझे कहा था कि श्रीलंकाई प्लयेर लगातर गलत बोले जा रहा था."
जायसवाल ने श्रीलंका के खिलाड़ी से क्या कहा था?
जुरेल ने बताया कि जायसवाल ने श्रीलंका के प्लेयर से कहा, "ठीक है कि तुमने मुझे आउट किया, तुम सामान्य आक्रमकता दिखाओ, लेकिन अपशब्द नहीं बोल सकते." उन्होंने आगे कहा कि यशस्वी आगे से शुरुआत नहीं करते लेकिन अगर कोई उकसाए तो जवाब देना भी जानते हैं.
आकाश चोपड़ा ने जब उनसे कहा कि यशस्वी जायसवाल काफी जोशीले हैं न, उन्हें कुछ कहेंगे तो वह जवाब देते हैं? इस पर जुरेल ने कहा, "बिल्कुल, मैंने नहीं देखा कि वह शुरुआत करते हैं. वह अपने गेम पर ध्यान लगाते हैं, अपनी बल्लेबाजी के बारे में ही सोचते रहते हैं. लेकिन अगर कोई उकसाएग तो हम भी जवाब देंगे."
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.