आजकल कई लोग लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी लेना पसंद करते हैं, ताकि अगर कभी अचानक कोई हादसा हो जाता है या फिर पॉलिसीधारक की मौत हो जाती है तो ऐसी स्थिति में उसके परिवार को बीमा के पैसे मिल सके और उन्हें आर्थिक मदद मिल सके. लेकिन, सोचिए अगर किसी व्यक्ति ने लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी ली हो और उसने किसी कारणवश बैंक से लोन भी लिया हो और उस व्यक्ति की अचानक मौत हो जाती है तो क्या बीमा के पैसे से बैंक लोन वसूल सकता है या नहीं? ऐसे ही एक मामले की सुनवाई के दौरान इलाहाबाद हाई कार्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है.
दरअसल, एक व्यक्ति ने SBI बैंक से पर्सनल लोन लिया था, लेकिन सड़क हादसे में उस व्यक्ति की मौत हो जाती है. इसके बाद उस व्यक्ति की पत्नी के अकाउंट में पैसे आए. ये रकम 50 लाख रुपये बताई जा रही है और ये पैसे लाइफ इंश्योरेंस के थे. सबसे ज्यादा हैरानी की बात तो यह है कि जो पैसे पत्नी के अकाउंट में आए, उसी अकाउंट से बैंक ने लोन के पैसे वसूल लिए.
आगे क्या हुआ?
बता दें कि जब बैंक ने पति के बकाया लोन का पैसा वसूल लिया तो इसके बाद पत्नी ने इस मामले को कोर्ट ले जाने का फैसला किया. पत्नी ने कोर्ट में साफ कहा कि न ही उसने लोन लिया है और न ही लोन की गारंटर है.
कोर्ट ने क्या कहा?
इस मामले पर कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब पति की मौत हो गई है और उसका इंश्योरेंस का पैसा पत्नी के अकाउंट में आया है तो ये पैसा पति की संपत्ति नहीं है. यानी जो बीमा का पैसा मिला है उसे कंपनी ने पत्नी को दिया है.
कोर्ट ने आगे कहा
मामले पर कोर्ट ने ये भी कहा कि बैंक लोन एग्रीमेंट में दिए अधिकार का इस्तेमाल करके पत्नी के अकाउंट में आए बीमा के पैसे से लोन नहीं वसूल सकता है. कोर्ट का साफ कहना था कि जब लोन पत्नी ने नहीं, बल्कि पति ने लिया है और पत्नी ना ही उस लोन की गारंटर थी तो जो पैसा बीमा का पत्नी के अकाउंट में आया है उस पैसे से बैंक लोन नहीं काट सकता है.
कोर्ट ने बैंक को दिया समय
फिलहाल इस केस की सुनवाई अक्टूबर में होगी और कोर्ट ने बैंक को तब तक का समय दिया है कि बैंक इस बात का साफ करें कि आखिर क्यों महिला के अकाउंट से काटी गई रकम को वापस नहीं करना चाहिए.
SBI को लौटाने होंगे पैसे
बता दें कि कोर्ट ने SBI को महिला के अकाउंट से काटे गए 17,29,999 की रकम को वापस करनी होगी. हालांकि, ये फैसला अभी अंतिम फैसला नहीं है.
पति की मौत के बाद कौन भरेगा लोन?
अगर पति ने बैंक से लोन लिया है और उसकी मौत हो जाती है तो इसी स्थिति में लोन अपने आप खत्म नहीं होता है. बैंक लोन की बकाया रकम को वसूल कर सकता है, लेकिन इसके लिए ये देखना अहम है कि आखिर लोन है किसके नाम पर और कोई Co-Borrower या गारंटर है. वहीं उस व्यक्ति ने लोन के बदले में कोई Security दी है या नहीं. यानी स्थिति के हिसाब से लोन के पैसे वसूले जा सकते हैं.
प्लॉट के लिए 20 साल तक भटकाया, अब बिल्डर देगा 38 लाख
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.