खरगोन: शहर के चित्तौड़गढ़-भुसावल हाइवे पर बिस्टान रोड क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बाइक सवार युवक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में राजपुरा निवासी 17 वर्षीय आकाश की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।




जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बिस्टान रोड की है। बताया गया कि तीन युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर आगे चल रहा एक पिकअप वाहन अचानक रुक गया। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पिकअप सड़क के किनारे खड़ा होने के बजाय सड़क पर ही रुकता है। उसके पीछे चल रहे दोपहिया वाहन सवार युवक पिकअप को ओवरटेक करने का प्रयास करते हैं।




फुटेज में दिखाई देता है कि ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवारों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। इसी बीच बगल से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में बाइक सवार आ जाते हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर गए।




हादसे में 17 वर्षीय आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक के दोनों पैरों के ऊपर से ट्रक गुजरने की बात सामने आई है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ। तीसरे युवक को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।




दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त, CCTV की जांचघटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज समेत घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।




17 वर्षीय आकाश की मौत की खबर के बाद उसके गांव राजपुरा में शोक का माहौल है। हादसे के बाद एक बार फिर व्यस्त हाइवे पर वाहनों की गति और सड़क पर अचानक रुकने वाले वाहनों से उत्पन्न होने वाले खतरे को लेकर सवाल उठे हैं।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.