हापुड़: हापुड़ के सरकारी स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना के बीच हापुड़ में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बाबूगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को परोसी गई खिचड़ी में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। बच्चों के घर पहुंचने के बाद जब अभिभावकों ने उनके टिफिन खोले तो खिचड़ी में कीड़े देखकर वे भड़क गए। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।




बताया गया कि सोमवार को विद्यालय में बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार कराया गया था। इसी दौरान कुछ बच्चे खिचड़ी अपने टिफिन में घर ले गए। घर पहुंचने पर अभिभावकों ने टिफिन खोला तो उसमें खिचड़ी के बीच कीड़े दिखाई दिए। भोजन की स्थिति देखकर अभिभावकों ने नाराजगी जताई और मामले की शिकायत शिक्षा विभाग तक पहुंचाई।



अधिकारियों से की शिकायत


अभिभावकों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर विद्यालय पहुंचे तो वहां तत्काल कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत की। मामला सामने आने के बाद मंगलवार को मिड-डे मील प्रभारी प्रदीप चौधरी जांच के लिए विद्यालय पहुंचे।




स्थानीय सभासद बिजेंद्र ने बताया की उन्हें खाने में कीड़े मिलने की जानकारी मिलने पर स्कूल आए थे। स्कूल में बच्चो ने बताया की कीड़े की शिकायत करने पर खाना बनाने वाली महिला ने कहा की अंडा मांस भी तो खाते हो, एक कीड़ा अगर पेट में चला गया तो क्या हुआ।



लगाया आरोप


जांच के दौरान अभिभावकों ने सिर्फ भोजन की गुणवत्ता पर ही सवाल नहीं उठाए, बल्कि विद्यालय में बच्चों से कराए जाने वाले कामों को लेकर भी शिकायत की। उनका आरोप है कि बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय कई बार पानी भरवाने और अन्य घरेलू काम कराए जाते हैं। अभिभावकों ने विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी नहीं होने का भी आरोप लगाया।



शिकायत के बाद रसोइया हटाई गई


अभिभावकों की शिकायत के बाद मिड-डे मील प्रभारी प्रदीप चौधरी ने विद्यालय में तैनात महिला रसोइया को सेवाओं से हटा दिया। हालांकि, बच्चों से काम कराने और अन्य लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है। मिड-डे मील प्रभारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, खिचड़ी में कीड़े मिलने की घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी है और उन्होंने स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने की मांग की है।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.