सुनील मिश्रा, बदायूं: किसान खेत में फसल की बेहतर पैदावार के लिए जिस पोटाश पर भरोसा करता है, उसी नाम पर बदायूं में कथित तौर पर बड़ा खेल चल रहा था। बिल्सी-इस्लामनगर रोड पर खैरी गांव के पास बंद पड़े एक लॉन को गोदाम और उत्पादन केंद्र बनाकर नमक से पोटाश तैयार करने का मामला सामने आया है। कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मौके से तैयार बताए जा रहे 300 कट्टे, करीब 300 बोरी नमक, खाली कट्टे, पैकिंग का सामान और मशीनें बरामद हुईं। मौके से फैक्टरी संचालक समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।




बाहर से बंद पड़े लॉन के भीतर क्या चल रहा था, इसकी भनक लगते ही कृषि विभाग की टीम पुलिस के साथ वहां पहुंची। छापेमारी के दौरान अंदर का नजारा सामने आया तो टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार वहां नमक को पोटाश के रूप में तैयार कर पैक करने का काम किया जा रहा था। तैयार माल को बाजार तक पहुंचाने की आशंका ने पूरे मामले को और संदेहास्पद बना दिया।



केस दर्ज


कार्रवाई के दौरान बरामद तैयार कट्टों पर इंडियन पोटाश लिमिटेड के नाम वाले पैकेजिंग कट्टे पाए गए। इसके अलावा दो सिलाई मशीन, धागा, जनरेटर और गेरू रंग समेत बड़ी संख्या में खाली कट्टे मिले। कृषि विभाग ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में सहसवान के पठान टोला निवासी फैक्टरी संचालक आरिफ समेत फरियाद, विकास, राहुल, अजय, सुनील, संजू, सेवाराम और मुनीफ को पकड़ा गया। जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत की तहरीर के आधार पर बिल्सी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।



कहां तक पहुंचा नकली माल


कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यहां से बड़ी मात्रा में माल तैयार किए जाने के संकेत मिले हैं। यह माल किन दुकानों या क्षेत्रों में पहुंचा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। यदि पहले तैयार माल बाजार तक पहुंचा है तो उसकी सप्लाई चेन तक पहुंचना जांच की अगली अहम कड़ी होगी।



किसानों के भरोसे पर सीधा वार


नकली खाद का सवाल सिर्फ एक फैक्टरी तक सीमित नहीं रहता। किसान जिस उत्पाद को असली पोटाश समझकर खेत में डालता है, उसकी गुणवत्ता संदिग्ध होने पर फसल और लागत दोनों प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में बंद लॉन में चल रहे इस कथित कारोबार का पर्दाफाश कृषि विभाग की कार्रवाई का बड़ा बिंदु है। अब जांच में यह साफ होना बाकी है कि यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और तैयार माल की सप्लाई कहां-कहां तक हुई।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.