गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुए एक हादसे ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया है. एक महिला बाइकर की स्पोर्ट्स बाइक को कार ने टक्कर मार दी, और डैशकैम में कैद हुआ यह पूरा वाकया अब वायरल हो चुका है. इसी बीच लोगों की दिलचस्पी उस बाइक में भी बढ़ गई है, जिस पर सवार होकर वह राइडर निकली थी.
रविवार को सिया नाम की एक जानी-मानी बाइक राइडर अपने राइडिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर सफर कर रही थीं. तभी पीछे से एक कार तेजी से आई और उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि सिया बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं, जबकि बाइक चिंगारियां निकालते हुए काफी दूर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए. यह पूरा घटनाक्रम बाइक में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया, जिसे सिया ने खुद अपने इंस्टाग्राम पेज rebelwheels_sia_ पर शेयर किया है.
वायरल वीडियो में सिया अप्रिलिया RS 457 स्पोर्ट्स बाइक पर सवार नजर आती हैं. यह एक प्रीमियम मिड कैपेसिटी स्पोर्ट्स बाइक है, जो अपने आक्रामक डिजाइन और दमदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है. यह बाइक 457cc लिक्विड कूल्ड पैरेलल ट्विन इंजन से लैस है, जो करीब 47.6 बीएचपी पावर और 43.5 एनएम टॉर्क जनरेट करता है. इसमें सिक्स स्पीड गियरबॉक्स, स्लिपर क्लच, राइड बाय वायर थ्रॉटल, मल्टीपल राइडिंग मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और ड्यूल चैनल एबीएस जैसे एडवांस फीचर्स भी मिलते हैं.
2026 मॉडल की अप्रिलिया RS 457 की एक्स शोरूम कीमत करीब 4.22 लाख रुपये से शुरू होती है, जो महाराष्ट्र में लागू दरों के मुताबिक है. वहीं इसके प्रीमियम जीपी रेप्लिका वैरिएंट की कीमत 4.37 लाख रुपये तक जाती है, जिसमें बाई डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर स्टैंडर्ड मिलता है. दिल्ली जैसे शहरों में यह बाइक करीब 4.26 लाख रुपये से शुरू होकर 4.84 लाख रुपये तक भी जा सकती है, यह वैरिएंट और कलर ऑप्शन पर निर्भर करता है.
वीडियो वायरल होते ही गुरुग्राम पुलिस ने खुद इस मामले का संज्ञान लिया है. सिया ने कार की डिटेल भी शेयर की, जिसका नंबर HR30Y4949 बताया गया और मालिक का नाम मनीष है. पुलिस के मुताबिक वीडियो के आधार पर जांच जारी है. सिया ने इस घटना को सिर्फ अपने साथ हुआ हादसा नहीं, बल्कि दिल्ली गुरुग्राम की सड़कों पर महिला बाइकर्स की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी चिंता चताया है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.