मर्सिडीज-बेंज भारतीय बाजार में अपनी पॉपुलर GLC SUV का इलेक्ट्रिक वर्जन लाने की तैयारी कर रही है. Mercedes-Benz GLC Electric को साल 2026 के आखिर तक भारत में लॉन्च किया जा सकता है. इससे पहले कंपनी इसकी बुकिंग अक्टूबर 2026 के पहले हफ्ते से शुरू करेगी. खास बात यह है कि इस इलेक्ट्रिक SUV को भारत में ही असेंबल किया जाएगा. कंपनी शुरुआत में इसे GLC 400 4MATIC वेरिएंट में पेश करेगी.
नई GLC Electric की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी रेंज है. इसमें 94kWh का NMC बैटरी पैक दिया जाएगा और कंपनी के मुताबिक यह एक बार फुल चार्ज होने पर 715 किलोमीटर तक की WLTP रेंज दे सकती है. हालांकि, वास्तविक रेंज ड्राइविंग स्टाइल, मौसम, सड़क और दूसरी परिस्थितियों के हिसाब से अलग हो सकती है.
गाड़ी की परफॉर्मेंस और चार्जिंग
- GLC Electric सिर्फ लंबी रेंज के लिए ही खास नहीं होगी, बल्कि इसका परफॉर्मेंस भी काफी दमदार है. इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर के साथ ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम मिलेगा. इसका आउटपुट करीब 489bhp और 800Nm टॉर्क है. यह SUV महज 4.3 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 210 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है. यह एक ऐसी लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV होगी जिसमें आराम और प्रीमियम फील के साथ स्पोर्टी परफॉर्मेंस भी मिलने की उम्मीद है.

- चार्जिंग के मामले में भी GLC Electric को काफी मॉडर्न तकनीक के साथ तैयार किया गया है. इसमें 800-वोल्ट इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर दिया गया है और यह 330kW तक की DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. कंपनी के मुताबिक, सही चार्जर और बैटरी को 10 से 80 फीसदी तक करीब 22 मिनट में चार्ज किया जा सकता है. वहीं, 10 मिनट की चार्जिंग में करीब 305 किलोमीटर तक की WLTP रेंज जोड़ी जा सकती है.
- AC चार्जिंग के लिए इसमें 11kW का सपोर्ट स्टैंडर्ड है, जबकि 22kW AC चार्जिंग का विकल्प भी उपलब्ध होगा. इससे घर या दूसरे AC चार्जिंग पॉइंट पर भी कार को चार्ज किया जा सकेगा.
अंदर से बेहद हाई-टेक होगा केबिन
- नई GLC Electric के केबिन में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला फीचर इसका 39.1 इंच का MBUX Hyperscreen है. यह एक बड़े सिंगल पैनल की तरह काम करता है, जिसमें ड्राइवर डिस्प्ले, सेंटर इंफोटेनमेंट स्क्रीन और पैसेंजर डिस्प्ले को एक साथ जोड़ा गया है.
- इसके साथ नई जनरेशन का MBUX सिस्टम मिलेगा, जिसमें AI आधारित फीचर्स भी शामिल हैं. Mercedes-Benz ने इसमें Microsoft और Google की AI तकनीकों को भी शामिल किया है. इससे वॉयस कमांड और नेविगेशन जैसे कामों को ज्यादा स्मार्ट तरीके से किया जा सकेगा.
- SUV में SKY CONTROL पैनोरमिक रूफ भी दिया जाएगा. इसमें स्विचेबल ग्लास तकनीक है, जिसकी मदद से रूफ को पारदर्शी या अपारदर्शी किया जा सकता है. इसके अलावा इसमें एम्बिएंट लाइटिंग के साथ 162 रोशन स्टार्स का इफेक्ट भी दिया गया है, जिससे रात के समय केबिन का लुक काफी प्रीमियम हो सकता है.

ज्यादा जगह वाला केबिन
- नई इलेक्ट्रिक GLC का आकार भी मौजूदा ICE GLC की तुलना में बड़ा है. इसका व्हीलबेस 2,972mm है और इसमें पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी ज्यादा जगह मिलती है. Mercedes-Benz के मुताबिक, पीछे की सीट पर लेगरूम में करीब 47mm की बढ़ोतरी हुई है.
- बूट स्पेस करीब 570 लीटर है, जिसे पीछे की सीटें फोल्ड करने पर 1,740 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है. इसके अलावा सामने एक अलग लगेज कंपार्टमेंट भी दिया गया है.
- GLC Electric में प्रीमियम ड्राइविंग अनुभव के लिए AIRMATIC एयर सस्पेंशन दिया जाएगा. इसके साथ रियर-व्हील स्टीयरिंग का विकल्प भी मिलेगा, जो पीछे के पहियों को 4.5 डिग्री तक मोड़ सकता है. इससे SUV का टर्निंग रेडियस कम होता है और तंग जगहों या शहर में इसे मोड़ना आसान हो सकता है.
- कार में अलग-अलग ड्राइविंग परिस्थितियों के लिए TERRAIN मोड भी मिलेगा. यानी यह सिर्फ शहर और हाईवे के लिए ही नहीं, बल्कि हल्की ऑफ-रोड जरूरतों के लिए भी बेहतर तरीके से तैयार की गई है.
एडवांस सेफ्टी फीचर्स
- नई GLC Electric में सुरक्षा के लिए Mercedes का MB.DRIVE सिस्टम दिया जाएगा. इसमें कई कैमरा, रडार और अल्ट्रासोनिक सेंसर मिलकर कार के आसपास की स्थिति पर नजर रखते हैं. इसके जरिए एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम के कई फीचर्स काम कर सकते हैं. इनमें अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, स्टीयरिंग असिस्ट, लेन चेंज असिस्ट और ऑटोमैटिक पार्किंग जैसे फीचर्स शामिल हैं.
- फिलहाल Mercedes-Benz ने GLC Electric की भारत में कीमत का खुलासा नहीं किया है. इसकी कीमत की जानकारी लॉन्च के समय सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल कंपनी का फोकस इसकी बुकिंग शुरू करने पर है, जो अक्टूबर के पहले हफ्ते में शुरू होगी.
-
BRICS के चलते लाखों हुआ लग्जरी गाड़ियों का किराया, इनकी सबसे ज्यादा डिमांड