भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग लगातार बढ़ रही है. पेट्रोल की बढ़ती कीमत के बीच लोग अब ऐसे स्कूटर की तलाश में हैं, जिन्हें रोजाना ऑफिस, बाजार या दूसरे छोटे-मोटे कामों के लिए कम खर्च में चलाया जा सके. इसी वजह से कंपनियां अलग-अलग कीमत और रेंज वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में उतार रही हैं.
अगर आप भी कम बजट में इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की सोच रहे हैं तो TVS Orbiter और Hero Vida आपके लिए दो ऑप्शन हो सकते हैं. दोनों स्कूटर में अच्छी रेंज के साथ कई स्मार्ट फीचर्स मिलते हैं, लेकिन बैटरी, रेंज, स्टोरेज, चार्जिंग और कनेक्टेड फीचर्स के मामले में दोनों में काफी अंतर है. ऐसे में यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि दोनों में क्या खास है और आपकी जरूरत के हिसाब से कौन सा स्कूटर बेहतर हो सकता है?
दोनों स्कूटर में अंतर
- TVS Orbiter को खास तौर पर रोजाना शहर में इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग बैटरी पैक मिलते हैं. इसके बेस वेरिएंट में 1.8 kWh बैटरी दी गई है, जो करीब 86 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करती है. वहीं लंबी रेंज वाले वेरिएंट में 3.1 kWh बैटरी मिलती है और इसकी रेंज करीब 158 किलोमीटर तक बताई गई है. बेस वेरिएंट की बैटरी को 0 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 2 घंटे 20 मिनट लगते हैं.

- Orbiter की एक खास बात यह है कि इसकी बैटरी स्कूटर में फिक्स रहती है. यानी इसे स्कूटर से निकालकर घर के अंदर ले जाकर अलग से चार्ज नहीं किया जा सकता.जिन लोगों के पास पार्किंग में चार्जिंग की सुविधा है, उनके लिए यह व्यवस्था आसान हो सकती है.वहीं जिन लोगों को बैटरी निकालकर घर या ऑफिस में चार्ज करने की जरूरत होती है, उनके लिए रिमूवेबल बैटरी वाला ऑप्शन ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है.
- Hero Vida की सबसे बड़ी खासियत इसकी रिमूवेबल बैटरी है. कंपनी के Vida मॉडल में बैटरी को स्कूटर से निकालकर अलग जगह चार्ज किया जा सकता है. इसका फायदा उन लोगों को मिलता है, जिनके घर या पार्किंग में स्कूटर को सीधे चार्ज करने की सुविधा नहीं है.कंपनी की मौजूदा जानकारी के मुताबिक Vida के अलग-अलग मॉडल और बैटरी कॉन्फिगरेशन में रेंज करीब 92 किलोमीटर से लेकर 187 किलोमीटर तक हो सकती है.
- Vida VX2 Plus के डुअल-बैटरी वाले टॉप वेरिएंट में 4.4 kWh की बैटरी दी गई है.इसकी दावा की गई रेंज करीब 187 किलोमीटर है. इसमें दो 2.2 kWh बैटरी पैक का इस्तेमाल किया गया है और 1kW चार्जर भी मिलता है.इस लिहाज से लंबी दूरी तय करने वाले लोगों के लिए Vida का यह वेरिएंट काफी जरूरी हो सकता है.
कीमत और वेरिएंट
- TVS Orbiter की कीमत वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग है. इसके बेस Orbiter V1 की एक्स-शोरूम कीमत करीब 1,00,650 रुपये और टॉप Orbiter V2 की कीमत करीब 1,19,480 रुपये बताई गई है.यानी कम बजट में इसका बेस मॉडल उन ग्राहकों के लिए एक ऑप्शन हो सकता है, जिन्हें मुख्यतौर से शहर में रोजाना आने-जाने के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर चाहिए.वहीं ज्यादा रेंज चाहने वालों के लिए इसका 3.1 kWh बैटरी वाला वेरिएंट ज्यादा जरूरी रहेगा.
- Hero Vida में ग्राहकों को कई बैटरी और वेरिएंट विकल्प मिलते हैं. Vida VX2 Go की शुरुआती कीमत करीब 84,999 रुपये बताई गई है, जबकि अलग बैटरी कॉन्फिगरेशन के साथ इसकी कीमत करीब 95,000 रुपये से 1.13 लाख रुपये तक जाती है.वहीं Vida VX2 Plus की कीमत करीब 1.30 लाख रुपये से शुरू होकर बड़े बैटरी पैक वाले वेरिएंट में करीब 1.50 लाख रुपये तक पहुंचती है.कीमत शहर, वेरिएंट और लागू ऑफर के हिसाब से अलग हो सकती है, इसलिए खरीदारी से पहले स्थानीय कीमत जरूर जांचनी चाहिए.

- फीचर्स की बात करें तो TVS Orbiter भी काफी अच्छी तरह से लैस है.इसमें क्रूज कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट और रिवर्स और फॉरवर्ड पार्किंग असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं. स्कूटर में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी वाला LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है.इसे TVS SmartXConnect से जोड़ा जा सकता है, जिसके जरिए टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और SMS अलर्ट, जियो-फेंसिंग और एंटी-थेफ्ट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं इस्तेमाल की जा सकती हैं.
- Orbiter में 34 लीटर का बड़ा अंडरसीट स्टोरेज भी दिया गया है. रोजाना इस्तेमाल में यह काफी काम का फीचर है, क्योंकि इसमें हेलमेट के अलावा दूसरी छोटी चीजें भी रखी जा सकती हैं. इसके अलावा USB चार्जिंग पोर्ट भी मिलता है, जिससे सफर के दौरान फोन चार्ज किया जा सकता है.
- Hero Vida भी स्मार्ट फीचर्स के मामले में पीछे नहीं है. इसमें वेरिएंट के हिसाब से डिजिटल कंसोल या 7 इंच का फुल-कलर TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले मिल सकता है. Vida World ऐप की मदद से नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल, कॉल और SMS अलर्ट जैसी सुविधाएं इस्तेमाल की जा सकती हैं. इसके अलावा जियो-फेंसिंग, लाइव ट्रैकिंग, रिमोट इमोबिलाइजेशन और ट्रिप एनालिटिक्स जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
- 5000 खर्च कर कैसे डीजल गाड़ियों को कर सकते हैं पॉल्यूशन फ्री? जानें सरकार का प्लान