विधु विनोद चोपड़ा हिंदी सिनेमा के एक ऐसे फिल्ममेकर हैं जो अलग हटकर और समाज को गहरा संदेश देने वाली फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं. इंडस्ट्री में साढ़े चार दशक का शानदार सफर तय कर चुके विधु ने कई स्टार्स के साथ काम किया है और अब तक वो ढेरों फिल्में बना चुके हैं. अपनी फिल्मों के अलावा विधु विनोद चोपड़ा ने अपनी पर्सनल लाइफ से भी खूब सुर्खियां बटोरी है.
विधु विनोद चोपड़ा की पर्सनल लाइफ काफी उतार-चढ़ाव भरी है. आज अपना 74वां जन्मदिन मना रहे विधु ने एक-दो नहीं, बल्कि तीन-तीन शादियां की है. 70 के दशक के अंत से शुरू हुआ उनका फिल्मी सफर आज तक जारी है. गुजरे दौर के कई एक्टर्स के साथ काम कर चुके विधु ने नए दौर के कलाकारों संग भी काम किया है. आइए आज उनके जन्मदिन के मौके पर एक नजर डालते हैं उनकी लाइफ की कुछ दिलचस बातों पर.
पहली फिल्म के लिए मिला नेशनल अवॉर्ड
कई कलाकारों को अपनी पूरी लाइफ में कभी नेशनल अवॉर्ड नहीं मिला, जबकि कई बड़े स्टार्स ये अवॉर्ड मिला भी तो इंडस्ट्री में कई साल गुजारने के बाद. जबकि विधु को नेशनल अवॉर्ड उनकी पहली ही फिल्म के लिए मिल गया था.

ये भी पढ़ें: अब दुनियाभर में चमत्कार करेगी 'हनुमान अंश', जानें- किस दिन वर्ल्डवाइड होगी रिलीज?
दिग्गज फिल्ममेकर का जन्म 5 सितंबर 1952 को जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में हुआ था. शुरू से ही फिल्ममेकिंग का शौक रखने वाले विधु की पहली फिल्म एक शॉर्ट फिल्म थी. इसका नाम था 'मर्डर एट मंकी हिल'. साल 1976 की इस शॉर्ट फिल्म के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था और साथ में 4 हजार रुपये की राशि भी दी गई थी.
जब अमिताभ बच्चन को गिफ्ट की 4 करोड़ की रोल्स रॉयस
दैनिक भास्कर के साथ एक बातचीत में विधु ने बताया था कि अमिताभ बच्चन उनकी पहली फिल्म देखने के बाद से ही उनके साथ काम करना चाहते थे और विधु भी चाहते थे कि वो भी बिग बी जैसे स्टार के साथ काम करें. आखिरकार साल 2007 में दोनों की ये हसरत पूरी हो पाई.

साल 2007 में आई फिल्म 'एकलव्य' में अमिताभ बच्चन ने अहम किरदार निभाया था और इसका डायरेक्शन विधु ने किया था. उन्होंने बताया था कि इस फिल्म के लिए बिग बी ने कोई फीस नहीं ली थी. लेकिन, तब विधु ने दिग्गज अभिनेता को 4 करोड़ रुपये कीमत की रोल्स रॉयस कार गिफ्ट की थी.
मां ने कर दी थी विधु की पिटाई
विधु विनोद चोपड़ा ने आगे बताया था कि जब उनकी मां को ये पता चला था कि उन्होंने अमिताभ बच्चन को महंगी लग्जरी कार गिफ्ट की है तो उनकी मां ने उनकी पिटाई कर दी थी. क्योंकि तब खुद विधु मारुति वैन चलाते थे और बिग बी को उन्होंने करोड़ों की लग्जरी कार गिफ्ट कर दी थी. विधु के मुताबिक मां ने उन्हें कई तमाचे मारे थे.
दूसरी शॉर्ट फिल्म हुई थी ऑस्कर के लिए नॉमिनेट
विधु विनोद चोपड़ा ने दूसरी शॉर्ट फिल्म 'एन एनकाउंटर विद फेसेस' नाम से बनाई थी. उनकी इस फिल्म को भी काफी सराहा गया था. इसे बेस्ट डॉक्यूमेंट्री के लिए ऑस्कर अवॉर्ड में भी नॉमिनेशन मिला था.

पहली फिल्म फ्लॉप, सुसाइड के आए खयाल
विधु की पहली फीचर फिल्म 'सजा ए मौत' फ्लॉप निकल गई थी. इससे उन्हें गहरा झटका लगा था और वो सुसाइड करने तक के बारे में सोचने लगे थे. ये खुलासा खुद विधु ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में किया था.
इन फिल्मों से बनाई पहचान
विधु ने डायरेक्टर के अलावा बतौर प्रोड्यूसर भी काम किया. इंडस्ट्री में उन्हें पहली बड़ी पहचान साल 1989 की फिल्म 'परिंदा' से मिली थी. बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट निकली इस फिल्म में अनिल कपूर, अनुपम खेर, जैकी श्रॉफ और नाना पाटेकर जैसे एक्टर्स थे. विधु ने 'पीके', 'संजू','12th फेल', '3 इडियट्स' और 'मुन्नाभाई एमबीबीएस' जैसी शानदार फिल्मों से पहचान बनाई है.
विधु ने की तीन-तीन शादी
विधु विनोद चोपड़ा की पर्सनल लाइफ की बात करें तो फिल्ममेकर की तीन-तीन शादी हुई है. उनकी पहली शादी फिल्म एडिटर रेनू सलूजा से हुई थी. दोनों ने साल 1976 में शादी की थी, लेकिन 1983 में दोनों तलाक लेकर अलग हो गए थे.

निर्देशक की दूसरी शादी शबनम सुखदेव से साल 1985 में हुई थी, हालांकि ये रिश्ता भी जल्दी टूट गया था. 1989 में उनका तलाक हो गया और फिर डायरेक्टर ने तीसरी शादी 1990 में अनुपमा चोपड़ा से की थी. दोनों की एक बेटी ज़ूनी चोपड़ा और एक बेटा अग्नि देव चोपड़ा है.
ये भी पढ़ें: 'रामायण' के 'लक्ष्मण' से रक्षाबंधन पर हुई गलती, अब हाथ जोड़ मांगी माफी, बोले- 'भावनाओं में बहकर...'
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.