अगर आप मैगी, लेज, कुरकुरे, थम्स अप, लिम्का जैसे पैकेज्ड फूड और ड्रिंक्स खरीदते हैं तो ये खबर आपके होश उड़ा देगी. महाराष्ट्र के नवी मुंबई में FDA ने एक ऐसे रैकेट का भंडाफोड़ा है, जिसमें पैकेज्ड खाद्य पदार्थों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट बदलकर उन्हें दोबारा बेचने की तैयारी की जा रही थी. कार्रवाई में करीब 75.52 लाख का माल जब्त किया गया है.


क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र FDA और नवी मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने 24 से 29 अगस्त के बीच नवी मुंबई के टर्भे टीटीसी इंडस्ट्रियल एरिया में साधना एंटरप्राइजेज के परिसर में कार्रवाई की. जांच के दौरान अधिकारियों को पैकेट पर छपी असली डेट ऑफ मैन्युफैक्चर और एक्सपायरी/यूज बाय डेट हटाकर उनकी जगह नई और आगे की तारीख प्रिंट करने के सबूत मिले. इसके लिए इंकजेट प्रिंटर, थिनर और तैयार किए गए स्टिकर भी बरामद किए गए. आरोप है कि इस तरह एक्सपायर हो चुके या अपनी शेल्फ लाइफ के करीब पहुंच चुके सामान को दोबारा पैक करके बिक्री या एक्सपोर्ट के लिए तैयार किया जा रहा था.


तेल का भंडार, फिर भी कर्ज मांग रहा सऊदी अरब; क्या कंगाली की ओर बढ़ रहा देश?


कितने लाख का माल हुआ जब्त?
FDA के मुताबिक कार्रवाई में 8,442 कार्टन जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 75,21,269 रुपए है. इसके अलावा करीब 30,600 रुपए के बिना लेबल वाले और एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद भी मिले हैं. इस तरह जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 75.52 लाख रुपए तक बैठती है.


किस ब्रांड के सामान में हो रहा था घपला?
कार्रवाई में कई लोकप्रिय ब्रांड के पैकेज्ड फूड और पेय पदार्थ मिले हैं. इनमें लेज के अलग-अलग फ्लेवर, कुरकुरे, मैगी मसाला नूडल्स, मैगी आटा नूडल्स, फन फ्लिप्स, नॉर इटैलियन मशरूम सूप, रसोई करी पास्ता, हेलमैन्स मेयोनेज , थम्स अप और लिम्का भी शामिल थे. FDA की कार्रवाई इन ब्रांड कंपनियों के खिलाफ नहीं है. मामला उन परिसरों और कारोबारियों से जुड़ा है जहां इन ब्रांड के खाने के सामानों की तारीख और लेबल के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी.


क्या- क्या लगे आरोप?
जांच में सिर्फ मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट बदलने का आरोप नहीं है. अधिकारियों के मुताबिक कुछ पैकेजों पर लगे सामग्री और पोषण वाले मूल लेबल भी हटाकर नए स्टिकर लगाए जा रहे थे. ऐसा करने से पैकेट पर मौजूद जरूरी जानकारी को बदलने या छिपाने की संभावना रहती है. ये खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है क्योंकि ग्राहक पैकेट पर लिखी जानकारी के आधार पर ही प्रोडक्ट खरीदता है.


जयपुर में बढ़ गए LPG सिलेंडर के दाम, अब कितने रुपए में मिलेगा गैस सिलेंडर?


क्या लिया गया एक्शन?
कार्रवाई के बाद FDA ने साधना एंटरप्राइजेज का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया है. इसके अलावा तुर्भे पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है. मामले में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की कई धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं भी लगाई गई हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. इसलिए किसी को भी पैकेज्ड फूड खरीदते समय सिर्फ ब्रांड देखकर सामान नहीं खरीदना चाहिए. पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट, यूज बाय डेट, एमआरपी, सामग्री और पैकेजिंग की स्थिति जरूर चेक करें. अगर पैकेट पर तारीख धुंधली हो या उस पर दूसरा स्टिकर लगा हो, साथ ही अगर तारीख के साथ छेड़छाड़ दिखाई दे या दोबारा चिपका हुआ लगे तो ऐसा सामान न खरीदें. 

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.