महाराष्ट्र में नीट यूजी काउंसलिंग के पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट जारी कर दिया गया है. स्टेट कोटा के तहत एमबीबीएस और बीडीएस प्रोग्राम में कुल 10,509 छात्रों को सीट आवंटित हुई. महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रोसेस राउंड 1 की लिस्ट जारी की गई है. इस राउंड में एमबीबीएस की 8,065 और बीडीएस की 2,444 सीटों पर छात्रों को एडमिशन का मौका मिला है. कुल मिलाकर एमबीबीएस और बीडीएस की 10,646 सीटें उपलब्ध थी, जिनमें से 10,509 सीटें पहले राउंड में आवंटित की गई है. इनमें एमबीबीएस की 8,129 सीटों में से 8,065 सीटें भर गई है, जबकि 64 सीटें अभी खाली है. ये सीटें दिव्यांग और अनाथ कैटेगरी के लिए आरक्षित है. इसी तरह बीडीएस की 2,517 सीटों में से 2,444 सीटों पर सीट आवंटन हुआ है और 73 सीटें इन कैटेगरी में खाली रह गई है.
राउंड 1 में जिन उम्मीदवारों को कॉलेज आवंटित किया गया है, उन्हें एडमिशन कंफर्म करने के लिए संबंधित कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से रिपोर्ट करना होगा. कॉलेज में रिपोर्टिंग की प्रक्रिया 31 अगस्त से 4 सितंबर शाम 5:30 बजे तक पूरी करनी होगी. उम्मीदवारों को रिपोर्टिंग के समय अपने जरूरी डॉक्यूमेंट साथ लेकर जाने होंगे. इसके अलावा फीस के लिए डिमांड ड्राफ्ट भी जमा करना होगा. सीईटी सेल के अनुसार बैंक की छुट्टी वाले दिन फीस के पेमेंट के लिए चेक स्वीकार किया जा सकता है. हालांकि अगले कार्य दिवस पर चेक को डिमांड ड्राफ्ट से बदलना जरूरी होगा. ऐसा नहीं करने पर उम्मीदवार का एडमिशन कैंसिल किया जा सकता है.
महाराष्ट्र नीट यूजी काउंसलिंग राउंड 1 में सरकारी एमबीबीएस कॉलेज में ओपन कैटेगरी का कट ऑफ सबसे ज्यादा रहा. ओपन कैटेगरी में कट ऑफ 538 अंक रहा है. इसके बाद नोमेडिक ट्राइब डी कट ऑफ 535, स्पेशल बैकवर्ड क्लास का 534 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 533 अंक रहा. सरकारी बीडीएस कॉलेज की बात करें तो यहां भी ओपन कैटेगरी का कट ऑफ सबसे ज्यादा 493 अंक रहा. वहीं स्पेशल बैकवर्ड क्लास के लिए कट ऑफ 484 अंक रहा.
जिन उम्मीदवारों ने महाराष्ट्र नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के लिए आवेदन किया था, वह अपना सीट अलॉटमेंट रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट पर देख सकते हैं. इसके लिए उम्मीदवार को महाराष्ट्र सीईटी सेल की वेबसाइट पर जाना होगा. इसके बाद यूजी मेडिकल सेक्शन में जाकर एमबीबीएस बीडीएस कोर्स के लिए सीट अलॉटमेंट का लिंक खोलना होगा. यहां से उम्मीदवार सीट अलॉटमेंट की लिस्ट डाउनलोड कर सकते हैं. सीट अलॉटमेंट रिजल्ट देखने के बाद उम्मीदवारों को अपना नाम, एप्लीकेशन नंबर, नीट यूजी रैंक, कैटेगरी और आवंटित कॉलेज में दूसरी जानकारी ध्यान से जांचनी होगी.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.