श्रीलंका दौरे पर गए लेकिन टेस्ट डेब्यू से चूकने वाले भारतीय तेज गेंदबाज आकिब नबी को एक नई टीम से खेलने का मौका मिल गया है. जम्मू-कश्मीर के लिए खेलने वाले आकिब नबी अब इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में अपनी गेंदबाजी का कमाल दिखाएंगे.
श्रीलंका से बिना खेले लौटने के बाद BCCI ने नबी के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने की व्यवस्था की है. नबी इसी काउंटी सीजन में मशहूर क्रिकेट क्लब सरे के लिए खेलते हुए नजर आएंगे, जहां पहले से ही 2 भारतीय खिलाड़ी उनका इंतजार कर रहे होंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI के प्रयासों के दम पर आकिब नबी को जल्द ही यूनाइटेड किंगडम का वीजा मिल गया और वो इंग्लैंड के लिए रवाना भी हो गए हैं. वो लंदन में ही सरे क्लब के साथ जुड़ेंगे, जहां उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के मौजूदा सीजन के आखिरी 3 मुकाबलों के लिए साइन किया गया है. सरे क्लब के अंदर ही ऐतिहासिक ओवल क्रिकेट मैदान आता है, जहां सबसे पहला टेस्ट मैच खेला गया था.
जानकारी के मुताबिक, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी 3 सितंबर को यॉर्कशर के खिलाफ मुकाबले के साथ ही अपना डेब्यू कर सकते हैं. इतना ही नहीं, नबी के लिए अच्छी खबर ये है कि उन्हें सरे में नया साथ ढूंढ़ने के लिए मेहनत नहीं करनी पड़ेगी क्योंकि पहले से ही 2 भारतीय खिलाड़ी इस क्लब के लिए खेल रहे हैं. लेग स्पिनर राहुल चाहर पहले ही सरे से जुड़ गए थे, जबकि राजस्थान के ऑलराउंडर महिपाल लोमरोड़ हाल ही में क्लब का हिस्सा बने थे और 2 मैच खेल भी चुके हैं.
रणजी ट्रॉफी के पिछले 2 सीजन में 100 से ज्यादा विकेट लेकर नबी ने खूब वाह-वाही लूटने वाले. इस दौरान जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी चैंपियन बनाने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही. इसके बाद से ही आकिब नबी को टीम इंडिया में मौका दिए जाने की मांग होती रही है. श्रीलंका में उन्हें डेब्यू का मौका तो नहीं मिला लेकिन जिस तरह से BCCI ने नबी के लिए काउंटी डील हासिल करने में तत्परता दिखाई है, उससे ये संकेत मिल रहे हैं कि नवंबर-दिसंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली टेस्ट टीम में उन्हें जगह मिल सकती है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.