सुनील नरेन 38 साल की उम्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं. उन्होंने टी20 क्रिकेट के इतिहास में 650 विकेट पूरे कर लिए हैं और वो दुनिया में ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज हैं. उन्होंने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) में यह मुकाम हासिल किया है. त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ एक विकेट चटकाया. जॉन कैम्पबेल उनका 650वां शिकार बने.


सुनील नरेन ने तो ऐतिहासिक कारनामा किया, लेकिन बुधवार को खेले गए मुकाबले में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा. सेंट लूसिया किंग्स ने टिम साइफर्ट की 105 रनों की शतकीय पारी की बदौलत 211 रन बनाए थे. इसके जवाब में नाइट राइडर्स की टीम 175 रन ही बना सकी. कीरोन पोलार्ड की 26 गेंद में 65 रन की तूफानी पारी नाइट राइडर्स के काम न आ सकी.


सुनील नरेन के 650 विकेट पूरे


सुनील नरेन ने अपने टी20 करियर के 611वें मैच में 650 विकेट पूरे करने का कीर्तिमान स्थापित किया है. उनसे पहले सिर्फ राशिद खान ही ऐसा कर पाए हैं. राशिद खान अपने कुल टी20 करियर में 736 विकेट ले चुके हैं. वो 700 या उससे अधिक टी20 विकेट लेने वाले दुनिया के एकमात्र गेंदबाज हैं. नरेन और राशिद के अलावा सिर्फ ड्वेन ब्रावो ही ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने अपने टी20 करियर में 600 विकेट का आंकड़ा पार किया था.


टी20 में सबसे ज्यादा विकेट



  • 736 विकेट - राशिद खान

  • 650 विकेट - सुनील नरेन

  • 631 विकेट - ड्वेन ब्रावो


सुनील नरेन कैरेबियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं. उन्होंने हाल ही में ड्वेन ब्रावो का 129 विकेट का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था. हालांकि उन्हें इमरान ताहिर से कड़ी टक्कर मिल रही है. सुनील नरेन के CPL में अभी 137 विकेट हैं, जबकि ताहिर 135 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर चल रहे हैं.


बाबर आजम के नाम T20 इंटरनेशनल का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड, सारे दिग्गज उनसे पीछे


IPL में भी रच चुके हैं इतिहास


सुनील नरेन इंडियन प्रीमियर लीग में भी इतिहास रच चुके हैं. वह IPL में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और अब तक 207 विकेट ले चुके हैं. सुनील नरेन आईपीएल के इतिहास में 200 विकेट लेने वाले पहले विदेशी गेंदबाज हैं. आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज युजवेंद्र चहल हैं, जो अब तक 233 विकेट ले चुके हैं.



बर्थडे पार्टी अचानक बनी सगाई सेरेमनी, उसैन बोल्ट की मंगेतर चौंकी, पहले से हैं 3 बच्चे

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.