तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2026 (TNPL) के क्वालिफायर-2 में बुधवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. वीडा कोवाई किंग्स के गेंदबाज के दीबन लिंगेश ने पारी की पहली ही तीन गेंदों पर लगातार तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी कर दी. उनकी इस शानदार गेंदबाजी ने त्रिची ग्रैंड चोलास की पारी की शुरुआत को पूरी तरह बर्बाद कर दिया.
पहली तीन गेंदों पर W,W,W
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिची ग्रैंड चोलास को शायद अंदाजा भी नहीं था कि पारी की शुरुआत में ही इतना बड़ा झटका लगने वाला है. दीबन लिंगेश ने पहली गेंद पर के राजकुमार को आउट किया. इसके बाद दूसरी गेंद पर एस श्याम सुंदर को स्लिप में कैच कराया. अब लिंगेश के पास हैट्रिक का मौका था और उन्होंने तीसरी गेंद पर के कौशिक को बोल्ड कर दिया. इस तरह उन्होंने पारी की पहली तीन गेंदों पर ही तीन विकेट हासिल कर लिए. यह गोल्डन हैट्रिक रही, क्योंकि तीनों बल्लेबाज अपनी-अपनी पहली गेंद पर आउट हुए.
TNPL 2026 की पहली हैट्रिक
दीबन लिंगेश की यह हैट्रिक TNPL 2026 की पहली हैट्रिक भी रही. खास बात यह रही कि उन्होंने यह कारनामा टूर्नामेंट के दूसरे क्वालिफायर जैसे बड़े मुकाबले में किया. उनकी घातक शुरुआत के बाद त्रिची की टीम दबाव से बाहर नहीं निकल सकी. लिंगेश के साथ दूसरे छोर से मनिमारन सिद्धार्थ ने भी कमाल किया. उन्होंने भी लगातार विकेट चटकाकर त्रिची के बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं. एक समय त्रिची की टीम सिर्फ 6 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी.
यह भी पढ़ें- बर्थडे पार्टी अचानक बनी सगाई सेरेमनी, उसैन बोल्ट की मंगेतर चौंकी, पहले से हैं 3 बच्चे
99 रन पर ढेर हुई त्रिची
कोवाई किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए थे. सुरेश लोकेश्वर ने 66 रन की शानदार पारी खेली, जबकि एस राधाकृष्णन ने 48 रन बनाए. इसके बाद गेंदबाजों ने टीम के लिए मैच पूरी तरह एकतरफा कर दिया. त्रिची ग्रैंड चोलास की पूरी टीम सिर्फ 99 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह कोवाई किंग्स ने मुकाबला 84 रन से जीतकर TNPL 2026 के फाइनल में जगह बना ली. लिंगेश ने अपने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर तीन विकेट लिए और उनके खाते में एक मेडन ओवर भी रहा.
फाइनल में पहुंची कोवाई किंग्स
दीबन लिंगेश के इस ऐतिहासिक स्पेल की बदौलत कोवाई किंग्स ने फाइनल का टिकट कटाया. अब टीम की नजर खिताब जीतने पर होगी. वहीं लिंगेश की पहली तीन गेंदों वाली हैट्रिक TNPL 2026 के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गई है.
यह भी पढ़ें- बाबर आजम के नाम T20 इंटरनेशनल का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड, सारे दिग्गज उनसे पीछे
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.