टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का ताज एक बार फिर कीरोन पोलार्ड के सिर सज गया है. दिलचस्प बात यह है कि महज 22 दिन पहले ही जोस बटलर ने पोलार्ड को पीछे छोड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था. अब CPL 2026 में 65 रन की धमाकेदार पारी खेलकर पोलार्ड ने फिर से नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है. 


26 गेंदों में ठोके 65 रन


कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हुए पोलार्ड ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 65 रन बना डाले. उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. पोलार्ड को रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए इस मुकाबले से पहले 35 रन की जरूरत थी. उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए इस आंकड़े को पार कर लिया और फिर से टी20 क्रिकेट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. 


749 मैचों में 14,921 रन


इस पारी के बाद पोलार्ड के नाम 749 टी20 मैचों में 14,921 रन हो गए हैं. उनका औसत 31.81 का है. इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 71 अर्धशतक भी लगाए हैं. अब पोलार्ड टी20 क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बनने से सिर्फ 79 रन दूर हैं. ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लीग स्टेज में अभी छह मुकाबले बाकी हैं, इसलिए उनके पास इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के कई मौके हैं. 


यह भी पढ़ें- बर्थडे पार्टी अचानक बनी सगाई सेरेमनी, उसैन बोल्ट की मंगेतर चौंकी, पहले से हैं 3 बच्चे


सिर्फ 22 दिन तक बटलर रहे नंबर-1


जोस बटलर ने अगस्त की शुरुआत में द हंड्रेड 2026 के दौरान पोलार्ड को पीछे छोड़कर यह रिकॉर्ड हासिल किया था. बटलर ने उस समय 526 टी20 मैचों में 14,890 रन के साथ नंबर-1 स्थान हासिल किया था.  लेकिन पोलार्ड की 65 रन की पारी ने एक बार फिर समीकरण बदल दिया. अब बटलर 14,890 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं. उनके नाम 9 शतक और 106 अर्धशतक दर्ज हैं. 


रिकॉर्ड की रेस अभी खत्म नहीं हुई


पोलार्ड के नंबर-1 बनने के बाद भी यह रेस ज्यादा देर तक एकतरफा रहने वाली नहीं है. इंग्लैंड को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है और बटलर के पास वहां रन बनाकर फिर से पोलार्ड को पीछे छोड़ने का मौका होगा. वहीं पोलार्ड के पास CPL में आगे खेलने के दौरान अपना रिकॉर्ड और मजबूत करने का मौका है. अगर ट्रिनबागो नाइट राइडर्स प्लेऑफ और फाइनल तक पहुंचती है, तो पोलार्ड के पास 15 हजार रन का आंकड़ा पार करने के साथ अपनी बढ़त बढ़ाने का भी मौका रहेगा. 


टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन की यह रेस इसलिए भी खास है क्योंकि सिर्फ 22 दिनों के अंदर नंबर-1 बल्लेबाज बदल गया है. अब देखना होगा कि पोलार्ड इस बार कितने समय तक अपना ताज बचा पाते हैं.


यह भी पढ़ें- रहाणे-स्टोक्स समेत 2026 में इन 7 क्रिकेटरों ने लिया संन्यास

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.