मायानगरी मुंबई के फिल्म उद्योग से धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है. पॉपुलर कॉमेडी फिल्म ‘धमाल’ के डिस्ट्रीब्यूशन, डिजिटल और कॉपीराइट राइट्स बेचने के नाम पर कथित तौर पर 1.50 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगा है. इस मामले में मुंबई की अंबोली पुलिस ने 17 अगस्त 2026 को फिल्म निर्माता अशोक नवलकुमार ठाकरिया और निर्देशक इंद्र कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.


शिकायतकर्ता के क्या हैं आरोप? 
मामला अंधेरी पश्चिम स्थित फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ग्रैंड मास्टर के मालिक 53 वर्षीय विकास बलदेवराज साहनी की शिकायत पर दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों से जुड़ी कंपनी मारुति इंटरनेशनल ने फिल्म के अधिकारों को लेकर उनकी कंपनी के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की. शिकायतकर्ता के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2019 को ग्रैंड मास्टर और मारुति इंटरनेशनल के बीच एक एग्रीमेंट हुआ था. इसके तहत फिल्म ‘धमाल’ के ऑल-वर्ल्ड डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स, डिजिटल राइट्स और कॉपीराइट्स 1.50 करोड़ रुपये में खरीदे गए थे.


आरोप है कि करार के दौरान ग्रैंड मास्टर को भरोसा दिलाया गया कि फिल्म के अधिकार किसी अन्य कंपनी या तीसरे पक्ष को नहीं बेचे गए हैं. हालांकि, बाद में कथित तौर पर पता चला कि फिल्म के लाइफटाइम ओटीटी और डिजिटल राइट्स वर्ष 2015 में ही शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड को दिए जा चुके थे.


:-'गदर 2' से पहले 56 करोड़ रुपये के कर्ज में डूबे थे सनी देओल, अब एक्टर बोले- 'मैंने किसी से उधार...'


शिकायतकर्ता ने पुलिस के सामने पेश किए डॉक्यूमेंट्स
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस बात का खुलासा होने के बाद आरोपियों ने एक कथित फर्जी एग्रीमेंट पेश किया और अक्टूबर 2020 में शेमारू के साथ संशोधित करार कर ग्रैंड मास्टर के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की. शिकायतकर्ता ने पुलिस के सामने कई दस्तावेज पेश करते हुए फिल्म के अधिकारों पर अपना दावा किया है।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि फिल्म के अधिकारों को लेकर विवाद सामने आने के बाद ग्रैंड मास्टर के कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के साथ चल रहे व्यावसायिक सौदे रद्द हो गए. इससे कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ.शिकायत के अनुसार, 2 जनवरी 2023 को आरोपियों को लीगल नोटिस भी भेजा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया.


पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल अंबोली पुलिस ने निर्माता अशोक नवलकुमार ठाकरिया और निर्देशक इंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब एग्रीमेंट, कॉपीराइट दस्तावेज, डिजिटल राइट्स और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. 


:-मंगलवार को 'आवारापन 2' ने रचा इतिहास, साउथ फिल्म भी चमकी, जानें 'बंटवारा 1947' का कलेक्शन

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.