टेस्ट क्रिकेट का नाम आते ही आमतौर पर लंबे समय तक क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी करने की तस्वीर सामने आती है. लेकिन पिछले कुछ सालों में इस फॉर्मेट का अंदाज काफी बदल चुका है. अब टेस्ट में भी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने और मौका मिलते ही बड़े शॉट लगाने से नहीं डरते.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC ने इस बदलाव को और दिलचस्प बना दिया है. इसका सबसे बड़ा उदाहरण ऋषभ पंत हैं. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले की दूसरी पारी में पंत ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. पारी के दौरान दो छक्के लगाते ही उनके टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे हो गए. खास बात यह रही कि पंत ने यह उपलब्धि सिर्फ 89 पारियों में हासिल की. यानी टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब पंत के नाम है. उनकी बल्लेबाजी का अंदाज ही कुछ ऐसा है कि वह टेस्ट मैच में भी गेंदबाजों पर दबाव बनाने के लिए बड़े शॉट खेलने से पीछे नहीं हटते.
WTC में सबसे ज्यादा छक्के किसके नाम?
WTC के आने के बाद टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी का तेवर पहले से ज्यादा आक्रामक नजर आया है. टीमों के लिए हर मुकाबला जरूरी होता है, क्योंकि पॉइंट्स टेबल में एक-एक मैच का असर पड़ता है. ऐसे में तेजी से रन बनाना कई बार मैच का रुख बदल देता है.
WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो इंग्लैंड के बेन स्टोक्स सबसे आगे हैं. उन्होंने 64 WTC मैचों में 3857 रन बनाने के साथ 88 छक्के लगाए हैं. स्टोक्स लंबे समय से अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं और इस रिकॉर्ड में भी उन्होंने बाकी बल्लेबाजों को पीछे छोड़ा हुआ है.
उनके बाद भारत के ऋषभ पंत का नंबर आता है. पंत ने 41 WTC मैचों में 2885 रन बनाए हैं और 80 छक्के लगाए हैं. खास बात यह है कि पंत ने बाकी कई खिलाड़ियों की तुलना में कम मैचों में यह आंकड़ा हासिल किया है.
यह भी पढ़ें- गुपचुप किसको डेट कर रहे हैं देवदत्त पडिक्कल? सोशल मीडिया हो रही चर्चा
रोहित, गिल और जायसवाल भी लिस्ट में
भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी WTC में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की छाप छोड़ी है. उनके नाम 40 मैचों में 2716 रन और 56 छक्के हैं. टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग करने के बाद रोहित ने जिस तरह तेजी से रन बनाए, उसने उनके टेस्ट करियर को एक अलग पहचान दी. शुभमन गिल भी इस सूची में शामिल हैं. उन्होंने 41 WTC मैचों में 2867 रन बनाने के साथ 46 छक्के लगाए हैं.
यशस्वी जायसवाल ने सिर्फ 29 WTC मैचों में 2543 रन बनाए हैं और 45 बार गेंद को छक्के के लिए भेजा है. इंग्लैंड के हैरी ब्रूक भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 34 WTC मैचों में 2999 रन बनाने के दौरान 44 छक्के लगाए हैं. भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी 42 छक्कों के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- पांचवें दिन बारिश ने बिगाड़ा खेल, तो गॉल टेस्ट में कौन बनेगा विजेता?
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.