Noida Gardenia Gateway Society:नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सोसाइटी के प्लॉट नंबर-9 स्थित टावर C-2 के फ्लैट नंबर-1814 में अचानक छत के लेंटर का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय फ्लैट में मौजूद व्यक्ति कुछ ही क्षण पहले बिस्तर से उठकर पानी पीने चला गया था. यदि वह उसी स्थान पर मौजूद रहता तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी.
घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है. छत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे और फ्लैट की स्थिति देखकर चिंता जताई. लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक फ्लैट की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे परिसर में निर्माण गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं.
ये भी पढे़ं- 2,161 करोड़ शराब घोटाला: नोएडा FIR से जुड़े मामले में पूर्व आबकारी आयुक्त को जमानत, इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला
पहले भी उठते रहे हैं निर्माण गुणवत्ता पर सवालसोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि गार्डेनिया गेटवे में निर्माण संबंधी खामियां नई नहीं हैं. कई टावरों में दीवारों में दरारें आने, प्लास्टर झड़ने, बालकनियों के क्षतिग्रस्त होने और सीलन जैसी समस्याएं लंबे समय से सामने आती रही हैं. इसके बावजूद बिल्डर की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया.
निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद केवल औपचारिक मरम्मत कर मामले को टाल दिया जाता है, जबकि मूल निर्माण संबंधी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं. इससे लोगों के मन में अपने ही घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है.
स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट की उठी मांगहादसे के बाद सोसाइटी के लोगों ने संबंधित अधिकारियों और नोएडा प्राधिकरण से पूरे गार्डेनिया गेटवे परिसर का तत्काल स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सभी टावरों की विशेषज्ञों से जांच कराई जाए और जहां भी निर्माण संबंधी कमियां मिलें, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए.
निवासियों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल इस मामले में बिल्डर या संबंधित प्राधिकरण की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही हैं.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.