रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार ईबिक्सकैश के चेयरमैन विकास गर्ग को आज (बुधवार) रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया।
सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 10 दिनों की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) रिमांड पर भेज दिया। अब ईडी 24 जुलाई को उन्हें दोबारा अदालत में पेश करेगा। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार किया था और ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ के रायपुर लेकर आई है।
दिल्ली की तीस हजारी अदालत से 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद, ईडी ने विकास गर्ग को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया। इस मामले में अब तक 14 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, और कुल अपराध की आय लगभग ₹6,000 करोड़ आंकी गई है।
इस गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले ही ईडी ने विकास गर्ग, उनके परिवार और कंपनियों से जुड़ी 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां दिल्ली, गोवा और नैनीताल सहित 12 अचल संपत्तियां जब्त की थीं।
ईडी के विशेष लोक अभियोजक सौरभ पांडेय ने बताया कि अदालत ने विकास गर्ग को 10 दिनों की ईडी रिमांड पर भेजा है। अब एजेंसी उनसे विस्तृत पूछताछ करेगी और 24 जुलाई को उन्हें दोबारा अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
जांच एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग और स्काईएक्सचेंज के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से कमाए गए काले धन को विकास गर्ग के स्वामित्व वाली कंपनियों में भेजा गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं।
आरोप है कि इस अवैध सट्टेबाजी के पैसे का उपयोग विकास गर्ग की कंपनी 'एराया लाइफस्पेस लिमिटेड' के माध्यम से डिजिटल पेमेंट्स फर्म ईबिक्सकैश में 64 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए किया गया था।
अदालत के आदेश के बाद ईडी की टीम विकास गर्ग से अगले 10 दिनों तक उनसे गहन पूछताछ करेगी। जांच के दौरान महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप नेटवर्क, कथित मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला लेन-देन, निवेश के स्रोत और अन्य आरोपितों से जुड़े वित्तीय लेन-देन सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर पूछताछ किए जाने की संभावना है।
ईडी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से अर्जित कथित अवैध धन को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली विभिन्न कंपनियों में निवेश किया गया।
इसके बाद इस राशि को कई कंपनियों के माध्यम से लेयरिंग कर शेयरों, प्रतिभूतियों और अन्य परिसंपत्तियों के अधिग्रहण में इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.