भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ कमाल बैटिंग की. इस खिलाड़ी ने 80 रनों की पारी खेली लेकिन बड़ी बात ये है कि उन्हें बिना विकेट गंवाए ही मैदान से बाहर जाना पड़ा. शुभमन गिल के बाहर जाने की वजह उनकी चोट रही. अर्धशतक लगाने के बाद गिल के पैरों में खिंचाव आ गया और वो लंगड़ाने लगे. इस खिलाड़ी ने काफी देर तक इस दर्द को सहा वो खेलने की कोशिश करते रहे लेकिन एक शॉट खेलने के बाद उनका दर्द काफी ज्यादा बढ़ गया और फिर वो रिटायर्ड हर्ट हो गए.

गिल की फिटनेस पर सवाल

शुभमन गिल का इस तरह चोटिल होना कोई नई बात नहीं है. ये खिलाड़ी पिछले दो सालों में कई बार मैच के दौरान मांसपेशियों में जकड़न का शिकार हो चुका है. ये खिलाड़ी दो बार रिटायर्ड हर्ट भी हुआ है. गिल पहली बार रिटायर्ड हर्ट वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में हुए थे. 15 नवंबर, 2023 को न्यूजीलैंड के खिलाफ गिल जब 79 रन पर खेल रहे थे तो उनके बाएं पांव में क्रैंप आ गया. इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा.


इसके बाद 15 नवंबर, 2025 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में गिल के साथ बहुत बुरा हुआ. ये खिलाड़ी जब 4 रन पर बैटिंग कर रहा था तो उनकी गर्दन पर जकड़न आ गई और वो मैच से ही बाहर हो गए. उन्हें अस्पताल में जाकर इलाज कराना पड़ा. गर्दन की जकड़न की वजह से वो न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच भी नहीं खेले थे और अब गिल एजबेस्टन वनडे में चोट की वजह से रिटायर्ड हर्ट हुए हैं. मतलब साफ है गिल की फिटनेस लगातार गिरती जा रही है और ये भारतीय कप्तान के लिए काफी चिंता की बात है.

15 साल बाद भारतीय खिलाड़ी रिटायर्ड हर्ट

बता दें 15 साल बाद कोई भारतीय खिलाड़ी वनडे मैच में रिटायर्ड हर्ट हुआ है. शुभमन गिल से पहले साल 2011 में मनोज तिवारी शतक लगाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे. वनडे में सबसे पहले दिलीप वेंगसरकर को 1983 में रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था. वेंगसरकर वनडे में दो बार रिटायर्ड हर्ट हुए हैं. श्रीकांत, सचिन, गांगुली, अजय जडेजा, रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी भी वनडे में रिटायर्ड हर्ट हो चुके हैं.

गिल गए, मुसीबत में फंसी टीम इंडिया

एजबेस्टन वनडे में जैसे ही शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट हुए उसके अगले ही ओवर में श्रेयस अय्यर रन आउट हो गए. इसके बाद टीम इंडिया ने केएल राहुल का विकेट भी गंवा दिया जो कि महज 1 ही रन बना पाए. इस तरह टीम इंडिया गिल के जाने के बाद मुसीबत में फंस गई.

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.