अगर आप एक ऐसे सफर का ख्वाब देखते हैं जहां कदम-कदम पर कुदरत का जादू बिखरा हो, तो यह जादुई दुनिया हकीकत में मौजूद है। 14,100 फीट की ऊंचाई पर बसा 'हम्पता पास' (Hampta Pass) भारत के सबसे खूबसूरत और रोमांचक ट्रैक्स में से एक है। यह अनोखा ट्रैक हिमाचल प्रदेश के कुल्लू की हरी-भरी, मखमली वादियों को लाहौल और स्पीति के ठंडे, पथरीले और रेतीले रेगिस्तान से जोड़ता है। इस सफर में आपको घने जंगल, फूलों की चादर, बर्फीली चोटियां और रेगिस्तान का अद्भुत मिलन एक साथ देखने को मिलता है। आइए जानते हैं कि आप प्रकृति के इस चमत्कारिक सफर को कैसे पूरा कर सकते हैं।
मनाली से जोबरा: जादुई सफर की शुरुआतहम्पता पास के रोमांचक सफर पर निकलने के लिए सबसे पहले आपको हिमाचल के मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन मनाली पहुंचना होगा। मनाली से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित 'जोबरा गांव' इस ट्रैक का स्टार्टिंग पॉइंट है। जोबरा पर आकर पक्की सड़क खत्म हो जाती है और यहीं से शुरू होती है असली ट्रैकिंग।
पहला पड़ाव: जोबरा से चीका बेस कैंपट्रैकिंग के पहले दिन का लक्ष्य जोबरा से चीका कैंपसाइट पहुंचना होता है। यह दूरी लगभग 3 किलोमीटर की है, जिसे पूरा करने में 4 से 5 घंटे का समय लगता है। नदी पर बने लकड़ी के पुलों और घने जंगलों को पार करते हुए आप एक ऐसी ऊंचाई पर पहुंचते हैं जहां पेड़ खत्म होने लगते हैं और हरे-हरे घास के मैदान शुरू होते हैं। चीका कैंपसाइट 'रानी नाला' नदी के किनारे बनी है, जहां एक खूबसूरत झरना इसकी रौनक बढ़ाता है। यहां दिन में मौसम सुहावना रहता है, लेकिन सूरज ढलते ही पारा बेहद तेजी से नीचे गिर जाता है।
सबसे बड़ी चुनौती: चीका से बालू का घेरादूसरे दिन का सफर चीका से 'बालू का घेरा' तक का होता है, जिसे इस पूरे ट्रैक की सबसे कठिन चुनौतियों में से एक माना जाता है। 10 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई वाले इस रास्ते पर अच्छे-खासे फिट लोगों की भी हिम्मत जवाब दे जाती है। रास्ते में 'ज्वारा' नाम की एक बेहद खूबसूरत जगह आती है। बालू का घेरा पहुंचने से पहले आपको घुटनों तक ठंडे, हाड़ कंपा देने वाले नदी के पानी में उतरकर एक तेज धारा को पार करना होता है। करीब 7 से 8 घंटे की मशक्कत के बाद शाम तक ट्रैकर्स बालू का घेरा पहुंचते हैं।
बालू का घेरा की खासियत: 0 डिग्री तापमान और तारों की चादरबालू का घेरा एक ऐसा अनोखा मैदान है जहां चारों तरफ सिर्फ बालू (रेत) नजर आती है। इसके किनारे रानी नाला नदी बहती है और कठोर बर्फीले ग्लेशियर मौजूद हैं। यहां का रात का तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला जाता है। अत्यधिक ऊंचाई पर होने के कारण यहां की रात बेहद हसीन होती है, जहां प्रदूषण मुक्त आसमान में लाखों तारों की चमकीली चादर बेहद साफ-साफ दिखाई देती है।
तीसरा दिन: हम्पता पास फतह और शेया गोरू कैंपट्रैक का तीसरा दिन सबसे ज्यादा परीक्षा लेने वाला होता है। इस दिन आप बर्फ पर फिसलते-संभलते हुए 14,100 फीट की सबसे ऊंची चोटी 'हम्पता पास' पर पहुंचते हैं। यहां हवा का दबाव कम होने से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है, इसलिए एक अच्छी ग्रिप वाले ट्रैकिंग शूज और हाइकिंग स्टिक का होना अनिवार्य है। हम्पता पास पर पहुंचने के बाद हिमालय के गजब के नजारे दिखते हैं। इसके बाद शुरू होती है शेया गोरू कैंप के लिए बेहद खतरनाक ढलान। पहाड़ों पर चढ़ने से ज्यादा उतरना जोखिम भरा होता है, इसलिए यहां बेहद फूंक-फूंक कर कदम रखने होते हैं।
आखिरी पड़ाव: चतारू कैंप और पवित्र 'चंद्रताल झील' के दर्शनशेया गोरू कैंप से सुबह निकलकर 5 किलोमीटर का सफर तय कर आप चतारू पहुंचते हैं, जहां से लाहौल-स्पीति का रेतीला और पथरीला रेगिस्तान शुरू हो जाता है। चतारू से गाड़ियों (SUV) के जरिए लगभग 70-75 किलोमीटर दूर स्थित विश्व प्रसिद्ध 'चंद्रताल झील' (Chandratal Lake) के लिए रवाना हुआ जाता है। बॉलीवुड फिल्म ‘लुटेरा’ में भी इस खूबसूरत झील का जिक्र किया गया है। 4,300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह झील अर्धचंद्राकार (चांद की आकृति) की है। इस झील की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दिन के अलग-अलग समय पर इसका रंग नीले से हरे रंग में बदलता रहता है।
चंद्रताल के दर्शन के बिना हम्पता पास का यह जादुई ट्रैक अधूरा माना जाता है। यहां समय बिताने के बाद ट्रैकर्स वापस चतारू होते हुए मनाली लौट आते हैं।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.