सीबीआई (CBI) ने रिलायंस एडीए (ADA) ग्रुप से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) अमित बापना को गिरफ्तार कर लिया है. सीबीआई के मुताबिक, अमित बापना अगस्त 2014 से दिसंबर 2019 तक रिलायंस कैपिटल के CFO रहे और कंपनी के वित्तीय मामलों से जुड़े अहम फैसलों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने ऐसी कई कंपनियों को कर्ज मंजूर कराने और दिलाने में भूमिका निभाई, जो सिर्फ बीच की (इंटरमीडियरी) या फर्जी लेन-देन के लिए इस्तेमाल की जा रही थीं.
ये लोन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों और सरकारी बैंकों द्वारा तय शर्तों के खिलाफ दिए गए थे. जांच में सामने आया है कि रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) ने बैंकों से जो कर्ज लिया था, उसे इन मध्यस्थ कंपनियों के जरिए रिलायंस एडीए ग्रुप की दूसरी कंपनियों, जैसे रिलायंस कैपिटल, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर तक पहुंचाया गया. सीबीआई का कहना है कि इससे सरकारी बैंकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ, जबकि आरोपियों और उनसे जुड़ी कंपनियों को गलत तरीके से फायदा मिला.
सीबीआई ने बताया कि अमित बापना पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच वाले एक मामले में न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद थे. इस मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई ने मुंबई की विशेष अदालत से प्रोडक्शन वारंट लिया. इसके बाद 4 जुलाई 2026 को उन्हें अदालत में पेश कर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया. अदालत ने उन्हें चार दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है, ताकि उनसे आगे पूछताछ की जा सके.
सीबीआई ने इससे पहले रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom), रिलायंस होम फाइनेंस (RHFL), रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस (RCFL) और रिलायंस टेलीकॉम (RTL) से जुड़े कुल 7 मामले दर्ज किए हैं. ये मामले विभिन्न सरकारी बैंकों और एलआईसी की शिकायतों के आधार पर दर्ज किए गए थे. इन सभी मामलों की जांच जारी है और इसकी निगरानी सुप्रीम कोर्ट कर रहा है.
एजेंसी ने 29 मई 2026 को रिलायंस कम्युनिकेशंस मामले में पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें कंपनी समेत 16 लोगों को आरोपी बनाया गया था. इनमें कंपनी के पांच वरिष्ठ अधिकारी और 10 बैंक अधिकारी शामिल हैं. सीबीआई के मुताबिक, अमित बापना की गिरफ्तारी के साथ अब तक रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी नई जानकारियां सामने आ सकती हैं.
ये भी पढ़ें: किसकी चूक, किसकी जिम्मेदारी…राम मंदिर चंदा चोरी में चंपत राय पर क्यों उठ रहे सवाल?
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.