Mumbai , 4 जुलाई . हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर कोरियोग्राफर और टीवी की जानी-मानी हस्ती गीता कपूर को प्यार से ‘गीता मां’ भी कहा जाता है. उन्होंने कई लोकप्रिय गानों की कोरियोग्राफी की है. गीता कपूर टीवी की भी एक जाना-माना चेहरा हैं और कई डांस रियलिटी शो में जज भी रह चुकी हैं.


गीता कपूर का जन्म 5 जुलाई 1973 को Mumbai में एक साधारण मीडिल क्लास परिवार में हुआ था. उनके पिता का नाम महेंद्रनाथ कपूर और मां का नाम रानी कपूर है. बचपन में गीता का सपना एयर होस्टेस बनने का था, लेकिन कमजोर आईसाइट के कारण उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका. हालांकि, नृत्य में रुचि होने के कारण उन्होंने डांस क्लास जॉइन कर ली और नृत्य की दुनिया में कदम रखा.


गीता ने अपने कोरियोग्राफी करियर की शुरुआत महज 15 वर्ष की उम्र में Bollywood की मशहूर कोरियोग्राफर फराह खान के साथ बतौर असिस्टेंट की. इस दौरान उन्होंने फराह खान के साथ Bollywood की कई हिट फिल्मों में कोरियोग्राफी की, जिसमें ‘कुछ कुछ होता है’, ‘दिल तो पागल है’, ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘मैं हूं ना’, ‘मोहब्बतें’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं.


इसके बाद गीता ने एक स्वतंत्र कोरियोग्राफर के रूप में ‘फिजा’, ‘अशोका’, ‘साथिया’, ‘हे बेबी’ और ‘अलादीन’ में काम किया. वहीं, फिल्म ‘तीस मार खान’ मूवी का गाना ‘शीला की जवानी’ की कोरियोग्राफी के लिए उनकी काफी सराहना हुई.


गीता के टेलीविजन करियर की बात करें तो उन्होंने 2009 में जी टीवी पर प्रसारित होने वाले एक लोकप्रिय डांस रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ (डीआईडी) में बतौर जज और मेंटोर के तौर पर काम किया, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने ‘सुपर डांसर’, ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ और ‘डीआईडी लिटिल मास्टर्स’ जैसे कई लोकप्रिय डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका निभाई.


52 वर्षीय गीता कपूर के निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है और वह सिंगल हैं. गीता अपनी बेबाक और स्पष्ट विचार के लिए जानी जाती है, जो अपनी मां के साथ Mumbai में रहती हैं. फिलहाल गीता कपूर डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ को जाने-माने कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस, Bollywood Actress करिश्मा कपूर और जावेद जाफरी के साथ जज करती नजर आ रही हैं.



डीके/एबीएम

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.