अगर आप प्याज की खेती करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। किसानों को बेहतर दाम दिलाने और सरकारी खरीद में तेजी लाने के लिए केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक के लिए प्याज की खरीद कीमत एक बार फिर बढ़ा दी है। सरकार ने खरीद प्राइस 13% बढ़ाकर 2,125 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है, जो पहले 1,875 रुपए प्रति क्विंटल था। खास बात यह है कि सरकार ने इस सीजन में पांचवीं बार प्याज की खरीद कीमत बढ़ाई है। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्याज की नई खरीद कीमत आज यानी 4 जुलाई 2026 से लागू हो गई है। अब सरकारी एजेंसियां किसानों से इसी नए रेट पर प्याज खरीदेंगी।
खरीद में तेजी नहीं आने पर बढ़ाया गया दाम
सरकार ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब प्राइस स्टेबिलाइजेशन फंड (PSF) के तहत प्याज की खरीद उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। कई बार खरीद प्राइस बढ़ाने के बावजूद 1 जून से शुरू हुई खरीद प्रोसेस में अब तक सरकार 2026 के बफर स्टॉक के लिए केवल करीब 2,000 टन प्याज ही खरीद सकी है।
इस सीजन में पांचवीं बार बढ़ी खरीद कीमत
सरकार ने पिछले कुछ हफ्तों में प्याज की खरीद कीमत में लगातार बढ़ोतरी की है। सीजन की शुरुआत में खरीद प्राइस 12.70 रुपए प्रति किलो थी। इसके बाद इसे 22 मई को 15.80 रुपए प्रति किलो, 13 जून को 16.50 रुपए प्रति किलो, 20 जून को 17.30 रुपए प्रति किलो, फिर 18.75 रुपए प्रति किलो किया गया। अब इसे बढ़ाकर 21.25 रुपए प्रति किलो, यानी 2,125 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
खरीद धीमी, लेकिन प्याज की कोई कमी नहीं
सरकार का कहना है कि भले ही बफर स्टॉक के लिए प्याज की खरीद धीमी रही हो, लेकिन देश में फिलहाल प्याज की उपलब्धता पर्याप्त है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के 2025-26 के दूसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक, इस साल प्याज का उत्पादन 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है। यह पिछले साल 2024-25 के 307.67 लाख टन उत्पादन के लगभग बराबर है।
फिलहाल सप्लाई को लेकर चिंता की बात नहीं
उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अनुसार, अभी देश में प्याज की सप्लाई को लेकर कोई तत्काल चिंता नहीं है। हालांकि, सामान्य मौसमी बदलाव की वजह से आने वाले समय में रिटेल मार्केट में प्याज के दाम कुछ बढ़ सकते हैं।
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में पर्याप्त स्टॉक
मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में प्याज का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। भंडारण में प्याज की कमी के कोई संकेत नहीं हैं। इसके अलावा, देशभर की थोक मंडियों में रोजाना 50,000 टन से ज्यादा प्याज की आवक हो रही है। इनमें 30,000 टन से ज्यादा प्याज अकेले महाराष्ट्र से आ रहा है, जहां मंडियों में प्याज का औसत मॉडल भाव करीब 18 रुपए प्रति किलो है।
रिलेट मार्केट में औसत कीमत 31 रुपए प्रति किलो
फिलहाल देशभर में प्याज का औसत रिटेल प्राइस 31 रुपए प्रति किलो है। मंत्रालय का कहना है कि अच्छी क्वालिटी वाला प्याज अभी भी कोल्ड स्टोरेज और गोदामों में रखा गया है। कम आपूर्ति वाले सीजन में यही प्याज बाजार में उतारा जाएगा, जिससे सप्लाई बनी रहेगी।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.