भारत में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए टोयोटा ने महाराष्ट्र में नया कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का बड़ा ऐलान किया है. कंपनी का यह नया प्लांट महाराष्ट्र के बिडकिन इंडस्ट्रियल एरिया में बनाया जाएगा. टोयोटा का कहना है कि इस नए प्लांट का मकसद भारत में बढ़ती डिमांड को पूरा करना और आसपास के देशों तक भी अपनी गाड़ियों की सप्लाई बढ़ाना है.


कंपनी के अनुसार इस नए प्लांट में साल 2029 की पहली छमाही से कार प्रोडक्शन शुरू करने की योजना है. टोयोटा ने कहा कि भारत उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण बाजार बन चुका है और यहां कंपनी लगातार अपने बिजनेस को विस्तार दे रही है. इसी वजह से अब कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता को और मजबूत करना चाहती है.


टोयोटा ने यह भी कहा कि भारत में उसे ग्राहकों, पार्टनर्स और इंडस्ट्री से काफी सहयोग मिला है. इसी सहयोग की वजह से कंपनी यहां लगातार आगे बढ़ पाई है. अब नया प्लांट लगाकर कंपनी आने वाले समय की मांग के अनुसार तेजी से गाड़ियां तैयार कर सकेगी.

हर साल बनेंगी 1 लाख गाड़ियां

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नए प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता करीब 1 लाख वाहनों की होगी. यानी यहां हर साल 100,000 गाड़ियां बनाई जा सकेंगी. इसके अलावा इस प्रोजेक्ट से करीब 2,800 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिससे महाराष्ट्र के ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी बड़ा फायदा होगा. इस फैक्ट्री में स्टैंपिंग, वेल्डिंग, पेंटिंग और फाइनल असेंबली जैसे सभी बड़े मैन्युफैक्चरिंग काम किए जाएंगे. यानी यह एक फुल-स्केल ऑटोमोबाइल प्रोडक्शन यूनिट होगी जहां गाड़ियों का निर्माण शुरुआत से लेकर आखिर तक किया जाएगा.

नई SUV पर रहेगा फोकस

जानकारी के अनुसार टोयोटा इस प्लांट में नई SUV मॉडल्स तैयार कर सकती है. कंपनी भारतीय बाजार में SUV और MPV सेगमेंट पर खास ध्यान दे रही है क्योंकि इन गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में टोयोटा कई नई गाड़ियां लॉन्च कर सकती है. खास बात यह है कि कंपनी अब केवल रीबैज्ड मॉडल्स पर निर्भर नहीं रहना चाहती. अभी टोयोटा और मारुति की पार्टनरशिप के तहत कई मॉडल बाजार में बिक रहे हैं. इनमें Glanza, Hyryder, Rumion और Taisor जैसी गाड़ियां शामिल हैं. अब टोयोटा अपनी खुद की नई गाड़ियों के विकास पर ज्यादा ध्यान दे रही है.

भारत बना टोयोटा का बड़ा बाजार

टोयोटा के लिए भारत अब दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में शामिल हो चुका है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी भारत में 3 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश करने की योजना पर काम कर रही है. कंपनी का मानना है कि आने वाले सालों में भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार तेजी से बढ़ेगा और SUV-एमपीवी सेगमेंट में काफी संभावनाएं हैं.

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.