Sameer Rizvi IPL 2026: लखनऊ के इकाना स्टेडियम की जिस पिच पर केएल राहुल जैसा बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाया. जिस पिच पर पाथुम निसंका जैसे बल्लेबाज 1 ही रन बनाकर आउट हो गए, उसी 22 गज की पट्टी पर 22 साल के बल्लेबाज समीर रिज्वी ने कमाल अर्धशतक ठोका. रिज्वी का ये अर्धशतक इसलिए खास हैं क्योंकि एक समय दिल्ली ने महज 26 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे और इतने बुरे वक्त में इस बल्लेबाज ने अपनी बैटिंग का दम दिखाया.

समीर रिज्वी की गजब पारी

समीर रिज्वी जब क्रीज पर आए तो टीम दबाव में थी, यही वजह है कि इस खिलाड़ी ने क्रीज पर समय लेने का फैसला किया. रिज्वी ने 13 गेंदों तक एक भी बाउंड्री नहीं लगाई. लेकिन 14वीं गेंद पर उन्होंने छक्का लगाकर अपनी मंशा साफ कर दी. रिज्वी ने अपनी बैटिंग का गीयर 10वें ओवर में चेंज किया. उन्होंने शाहबाज अहमद के ओवर में तीन बेहतरीन चौके लगाए. 14वें ओवर में इस खिलाड़ी ने एडेन मार्करम की गेंद पर छक्का और चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया.

रिज्वी ने की शतकीय साझेदारी

समीर रिज्वी ने ना सिर्फ अर्धशतक लगाया बल्कि उन्होंने स्टब्स के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी की. इस खिलाड़ी ने 72 गेंदों में 100 रन पूरे किए. इसमें स्टब्स का योगदान 32 रहा. रिज्वी पहले चेन्नई सुपरकिंग्स में थे लेकिन बाद में उन्हें रिलीज कर दिया गया. इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उनपर भरोसा दिखाया और अब ये खिलाड़ी उसी भरोसे पर खरा उतर रहा है.

रिज्वी ने अजेय पारी खेल दिल्ली को जिताया

समीर रिज्वी ने मैच में नाबाद 70 रन बनाए. उन्होंने 47 गेंदों की इस पारी में कुल 5 चौके और 4 छक्के लगाए. उनके साथ ट्रिस्टन स्टब्स ने भी नाबाद 39 रनों की पारी खेली. बता दें लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम 18.4 ओवर में 141 रनों पर ऑल आउट हो गई थी. लखनऊ की ओर से समद ने 36 और मिचेल मार्श ने 35 रन बनाए. इन दोनों के अलावा कोई बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया. दिल्ली की जीत में उसके गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा. नटराजन और एन्गिडी ने 3-3 विकेट चटकाए, वहीं कुलदीप यादव ने 2 और अक्षर पटेल ने एक विकेट झटका.

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.