नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग ने झारखंड के हजारीबाग जिले में 12 वर्षीय बालिका के साथ हुए एक अत्यंत जघन्य अपराध की मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लेते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है। आयोग ने इस घटना को न केवल अमानवीय बताया, बल्कि इसे समाज के लिए गंभीर चेतावनी करार देते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया था, जिसमें अत्यधिक क्रूरता के संकेत सामने आए हैं। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस मामले की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति 2 अप्रैल को घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाएगी और संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर अब तक की कार्रवाई, घटना की परिस्थितियों और संभावित कारणों की विस्तृत समीक्षा करेगी। समिति में राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी, आयोग के विधि अधिकारी मनमोहन वर्मा तथा वरिष्ठ समन्वयक कंचन खट्टर को शामिल किया गया है।
विजया रहाटकर ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि मामले में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी जोर दिया कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी निवारक उपाय किए जाने आवश्यक हैं।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “इस तरह के जघन्य अपराध किसी भी सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य हैं। पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।”
जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि वह 10 कार्य दिवसों के भीतर अपनी रिपोर्ट आयोग को सौंपे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने यह भी आश्वस्त किया है कि वह इस मामले की लगातार निगरानी करता रहेगा और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगा।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.