मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां मंगलवार को जिला कोर्ट में सुनवाई के दौरान महिला ADJ के सिर पर सीलिंग फैन गिर गया. जज पर सीलिंग फैन के गिरते ही कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोग तुरंत जज के पास पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए. अस्पताल में इलाज के बाद जज को छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद वह अपने घर चली गईं. हालांकि ADJ पर सीलिंग फैन गिरने की घटना कोर्ट परिसर में चर्चा का विषय बनी रही.

बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने दी जानकारी

मामले की जानकारी देते हुए इंदौर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एल.एन यादव ने बताया कि मंगलवार को ADJ की कोर्ट में सुनवाई चल रही थी. इस दौरान ADJ के सिर पर सीलिंग फैन गिर गया. सीलिंग फैन गिरने पर तेज आवाज आई, जिससे कोर्ट में मौजूद लोग एक बार तो दंग रह गए. चूंकि सीलिंग फैन गिरने से ADJ घायल हो गईं थी. उनके सिर और कंधे पर चोट आई थी. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया, जिसके बाद वह अपने घर चली गईं.


ये भी पढ़ें- रहें सावधान! भोपाल में घूम रहे LPG चोर, वकील के घर से 4 सिलेंडर लेकर फरार; CCTV में हुए कैद


वहीं इस घटना के बाद कोर्ट रूम की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. बताया जा रहा कि कोर्ट परिसर में बुनियादी सुविधाओं का भी काफी अभाव है. कोर्ट में आने वाले अधिवक्ताओं का कहना है कि परिसर में कर्मचारियों के लिए टॉयलेट भी नहीं है. एक पब्लिक टॉयलेट है, जिसका सभी लोग उपयोग करते हैं. बारिश के दौरान कई बार कोर्ट रूम में लीकेज भी होता है. दीवारे और छत कमजोर हो चुके हैं.

छतों में लीकेज, दीवारों में दरारें

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कोर्ट की इमारत काफी पुरानी हो चुकी है और यहां की बिजली व्यवस्था भी बेहद खराब हालत में है. कई कोर्ट रूम में पुराने तार और फिटिंग अब भी इस्तेमाल हो रहे हैं, जिससे खतरा बना रहता है. इसके अलावा छतों में लीकेज और दीवारों में दरारें भी लंबे समय से चिंता का कारण बनी हुई हैं. बार-बार शिकायत करने के बावजूद केवल औपचारिक मरम्मत की जाती है, जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है.

जज के सामने गिर गया था छत का प्लास्टर

अधिवक्ताओं का कहना है कि पहले भी इस तरह के घटनाक्रम हो चुके हैं. जज के सामने ही छत के प्लास्टर गिर चुके हैं, लेकिन इन घटनाओं से सबक नहीं लिया जा रहा है. बता दें आने वाले दिनों में पिपलियाहाना में जिला अदालत शिफ्ट होगी. पिपलियाहाना में नई बिल्डिंग बन रही है. हालांकि अभी निर्माण कार्य में डेढ़ साल का वक्त लगेगा. फिलहाल जिस तरह से इंदौर जिला कोर्ट में यह पूरा घटनाक्रम हुआ है, उससे कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.