नई दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में उछाल

नई दिल्ली: हाल के दिनों में सराफा बाजार में छाई मायूसी अब समाप्त होती नजर आ रही है। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला मंगलवार को अचानक थम गया। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार की शुरुआत के साथ ही दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बाजार खुलते ही चांदी के भाव में 21,000 रुपये से अधिक का उछाल आया, जबकि सोने की कीमत भी 5,000 रुपये से ज्यादा बढ़ गई।




चांदी में जबरदस्त उछाल




मंगलवार को एमसीएक्स पर कारोबार शुरू होते ही 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी के वायदा भाव में भारी खरीदारी हुई। एक झटके में चांदी का भाव अपने पिछले बंद स्तर से 21,000 रुपये से अधिक चढ़ गया। आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को चांदी का भाव 2,36,261 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन मंगलवार सुबह यह सीधे 2,57,480 रुपये प्रति किलो के स्तर पर खुला। हालांकि, इस तेजी के बावजूद चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से सस्ती है। 29 जनवरी को चांदी ने 4,30,048 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था, जिससे वर्तमान भाव अभी भी करीब 1.62 लाख रुपये नीचे है।




सोने की कीमतों में भी तेजी




चांदी की तरह, सोने की कीमतों में भी जोरदार वापसी हुई है। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाले सोने का भाव सोमवार को 1,43,991 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मंगलवार को कारोबारी सत्र की शुरुआत में ही यह उछलकर 1,49,485 रुपये पर पहुंच गया। इस हिसाब से 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत में 5,494 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, चांदी की तरह सोना भी अपने 'लाइफ टाइम हाई' से अभी दूर है। 29 जनवरी को सोने ने 1,93,096 रुपये का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। आज की तेजी के बाद भी सोना उस स्तर से करीब 43,611 रुपये सस्ता मिल रहा है।



Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.